छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: नाइट कैंपिंग के दौरान पर्यटकों के सामने आ गया तेंदुआ, लोगों ने कैमरे में कैद की तस्वीर

Nilmani Pal
19 Dec 2021 7:40 AM GMT
छत्तीसगढ़: नाइट कैंपिंग के दौरान पर्यटकों के सामने आ गया तेंदुआ, लोगों ने कैमरे में कैद की तस्वीर
x
पढ़े पूरी खबर

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शनिवार की रात एक तेंदुआ देखा गया है। बताया जा रहा है कि पर्यटकों ने तेंदुआ को केशकाल-टाटामारी मार्ग में देखा है। जिन्होंने अपने कैमरे में तेंदुआ की तस्वीर भी कैद की है। हालांकि शोरगुल की वजह से तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया है। टाटामारी में तेंदुआ देखे जाने के बाद अब इलाके के लोगों में दहशत देखने को मिल रही है। इधर, वन विभाग की टीम भी तेंदुआ की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों टाटामारी में युवाओं की नाइट कैंपिंग चल रही है। जिस जगह युवा तंबू गाड़ कर बैठे हुए हैं, उसी से कुछ दूरी पर ही तेंदुआ देखा गया है। बताया जा रहा है कि, शनिवार की रात युवा केशकाल से टाटामारी की तरफ जा रहे थे। इस बीच उन्होंने सड़क किनारे रेत पर कुछ चहल-पहल होते देखा था।
जिसके बाद कार को रोक कर उसी तरफ उजाला किया। फिर देखा कि एक तेंदुआ रेत पर बैठ आराम फरमा रहा है। जिसके तुरंत बाद युवा वहां से चले गए। हालांकि तेंदुआ ने अब तक इलाके के किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है।
ठंड का मौसम शुरू होते ही ज्यादातर सैलानी बस्तर आना पसंद करते हैं। जिन्हें कोंडागांव जिले के केशकाल में टाटामारी की खूबसूरत वादियों के बीच कैंपिंग करना ज्यादा पसंद है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने टाटामारी में कई खास इंतजाम किए हुए हैं। फिलहाल यहां पर वर्तमान में 3 दिन की युवाओं की ट्रैकिंग चल रही है जिसका रविवार को अंतिम दिन है।
लगभग ढाई महीने पहले रायपुर-जगदलपुर मुख्य मार्ग में केशकाल घाट में शाम के समय तेंदुआ देखा गया था। केशकाल घाट के आठवें मोड़ में सड़क के किनारे तेंदुआ बैठा हुआ था। वहां से गुजर रहे लोगों ने तेंदुए की तस्वीर को अपने कैमरे में कैद किया था। हालांकि गाड़ियों की रोशनी व शोरगुल की वजह से कुछ देर बाद तेंदुआ वापस घाट के नीचे उतर कर जंगल की तरफ चले गया था।
Next Story