छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: तालाब में डूबने से बच्चे और पेट्रोल पंप के कर्मचारी की मौत, दोनों के मिले शव

Nilmani Pal
4 Nov 2021 9:12 AM GMT
छत्तीसगढ़: तालाब में डूबने से बच्चे और पेट्रोल पंप के कर्मचारी की मौत, दोनों के मिले शव
x
पढ़े पूरी खबर

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में दो अलग-अलग हादसों में तालाब में डूबने से 12 साल के बच्चे और पेट्रोल पंप कर्मचारी की मौत हो गई। दोनों के शव गुरुवार सुबह मिले तो परिजनों को पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के बाहर खेलते समय बुधवार शाम से गायब थे, जबकि पंप कर्मचारी टहलने के लिए घर से निकला था। दोनों ही मामले अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तरोद के ही हैं।

वार्ड-5 निवासी सूरज यादव (12) पुत्र सियाराम यादव बुधवार दोपहर करीब 2 बजे खाना खाने के बाद घर से खेलने निकला था। इसके बाद शाम तक नहीं लौटा तो परिजन तलाश करने निकले, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अगले दिन गुरुवार सुबह गांव के भुजबेलिया तालाब में नहाने गए ग्रामीणों ने शव तैरता देखा तो सरपंच को सूचना दी। शव की पहचान सूरज के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
भुजबेलिया तालाब में नहाने गए ग्रामीणों ने सूरज का शव तैरता देखा तो सरपंच को सूचना दी।
तालाब के अंदर झाड़ियों में फंसा मिला युवक का शव
वार्ड-8 निवासी रामेश्वर साहू (30) पुत्र बहोरन साहू बुधवार रात पेट्रोल पंप से ड्यूटी खत्म कर घर लौटा था। खाना खाने के बाद रात करीब 9 बजे वह टहलने के लिए निकल गया, लेकिन रात 11 बजे तक नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसको आसपास तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 5 बजे गांव के फूटहा तालाब के पास पीपल के पेड़ के नीचे उसकी चप्पल पड़ी दिखाई दी। परिजन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
खाना खाने के बाद रात करीब 9 बजे टहलने के लिए निकला था रामेश्वर साहू।
गोताखोरों की टीम ने बाहर निकाला शव
इसके बाद गोताखोरों को बुलाया गया। उन्होंने तालाब में रामेश्वर की तलाश शुरू की तो अंदर झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि युवक तालाब तक कैसे पहुंचा इसको लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।
Next Story