छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: 2023 में 'एनडीए' और 2024 में 'इंडिया' के लिए चुनौती
jantaserishta.com
12 Aug 2023 5:47 PM IST

x
दोनों चुनाव में पिच अलग-अलग होगी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सियासी मैदान में आगामी समय में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मुकाबला बड़ा रोचक रहने वाला है। ऐसा इसलिए क्योंकि जहां 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा (एनडीए) के सामने जीत हासिल करने की चुनौती रहेगी तो वहीं वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस (इंडिया) के सामने बढ़त हासिल करना आसान नहीं होगा।
इसके बावजूद दोनों में से किसी के लिए भी चुनाव एकतरफा नहीं रहने वाला। देश की सियासत में साल दर साल सियासी समीकरण बदल रहे हैं और इसी का नतीजा है कि कई राज्यों में कांग्रेस वापसी करने में सफल हुई है तो वहीं कुछ राज्य कांग्रेस के हाथ से खिसके हैं। बात छत्तीसगढ़ की करें तो वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटों पर जीत हासिल कर बड़़ी बढ़त बनाई थी और भाजपा को डेढ़ दशक बाद सत्ता की कुर्सी से अलग किया था।
वहीं, वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 11 में से सिर्फ दो सीटों पर ही बढ़त हासिल करने में कामयाब हुई थी। आगामी एक साल के भीतर राज्य में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव होने हैं, लिहाजा दोनों राजनीतिक दल पूरी जोर आजमाइश में लगे हुए हैं। कांग्रेस जहां सत्ता में आने से पहले जन घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने का दावा कर रही है तो वहीं भाजपा लगातार वादों को पूरा न करने का आरोप लगा रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव खुले तौर पर भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में घोटाले और भ्रष्टाचार होने के आरोप लगाते हैं। उनका कहना है कि गरीबों के सिर से छत छीनने का काम भी कांग्रेस की सरकार ने किया है। अब ज्यादा दिन यह बघेल सरकार रहने वाली नहीं है। भाजपा राज्य के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को शिकस्त देने की कोशिश कर रही है। मगर, कांग्रेस अपनी नीतियों और योजनाओं के बल पर फिर सरकार में लौटने का दावा कर रही है।
पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला का कहना है कि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने आमजन से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है, गरीबों की स्थिति में बदलाव लाया है। वहीं, आर्थिक तौर पर मजबूत करने की भी पहल हुई है। यही कारण है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार तय है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव में अगर भाजपा को कांग्रेस को शिकस्त देनी है तो बहुत मेहनत करनी होगी क्योंकि भूपेश बघेल सरकार जनता के बीच छत्तीसगढ़ी अस्मिता का भाव जगाने में कामयाब रही है।
वहीं, कई योजनाओं के जरिए गरीबों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया है। जहां तक बात 2024 के लोकसभा चुनाव की है तो कांग्रेस के लिए विधानसभा के चुनाव जैसे नतीजे दोहराना आसान नहीं रहेगा। मैदान भले ही छत्तीसगढ़ का होगा, दोनों चुनाव में पिच अलग-अलग होगी। राज्य में जहां भूपेश बघेल सरकार का चेहरा होंगे तो वहीं लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी चेहरा रहेंगे। इस तरह दोनों चुनाव पर गौर करें तो विधानसभा का 2023 का चुनाव भाजपा और 2024 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती रहने वाला है।
Tagsछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ चुनावबीजेपीकांग्रेसChhattisgarhChhattisgarh NewsChhattisgarh ElectionBJPCongress
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





