छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: पहाड़ घूम कर वापस लौट रहे लोग हुए दुर्घटना के शिकार, वाहन दीवार से जा टकराई, तीन की हालत गंभीर

Shantanu Roy
19 Sep 2021 4:09 AM GMT
छत्तीसगढ़: पहाड़ घूम कर वापस लौट रहे लोग हुए दुर्घटना के शिकार, वाहन दीवार से जा टकराई, तीन की हालत गंभीर
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कांकेर। गढ़िया पहाड़ घूम कर वापस लौट रहे बोलेरो वाहन के ब्रेक फेल हो जाने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे बोलेरो में सवार 3 लोग घायल हो गए। हालांकि वाहन चालक की सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना होने से टल गई और लोग बाल-बाल बच गए।गढ़िया पहाड़ के ऊपर जाने के लिए सीसी रोड का निर्माण किया गया है।

पहाड़ी को काटकर बनाए गए घाटी नुमा सड़क की चढ़ाई बहुत ही खड़ी है, जिसके कारण अक्सर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। शनिवार को धमतरी जिले के ग्राम कंडेल के रहने वाले 9 लोग टंकेश्वर साहू, घनश्याम साहू, कुमार साहू, हेमंत पटेल, अशोक बंजारे, भुवन लाल यादव, रोहित ढीमर, परशुराम ढीमर व घनश्याम साहू दंतेवाड़ा घूमने के लिए गए थे।

वापसी के दौरान कांकेर पहुंचने पर वह गढ़िया पहाड़ घूमने के उद्देश्य से अपने बोलेरो वाहन से गढ़िया पहाड़ घूमने चले गए। शाम लगभग 5ः15 बजे वापस लौटने के दौरान घाटी में बोलेरो वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में वाहन का चालक घनश्याम साहू 35 वर्ष, रोहित ढीमर 40 वर्ष, परशुराम ढीमर 34 वर्ष घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए शासकीय कोमल देव जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वाहन में सवार टंकेश्वर साहू ने बताया कि घाटी से नीचे उतरते समय बोलेरो का ब्रेक फेल हो गया।

ब्रेक फेल होने की जानकारी चालक ने वाहन में सवार सभी लोगों को दी। जिसके बाद आगे नीचे खाई थी, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बोलेरो को नीचे न उतारते हुए सामने की दीवार में ले जाकर टक्कर मार दी, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।

Next Story