छत्तीसगढ़

निवेशकों को पैसा लौटाने वाला देश का पहला राज्य बना छत्तीसगढ़

Nilmani Pal
3 Aug 2023 6:46 AM GMT
निवेशकों को पैसा लौटाने वाला देश का पहला राज्य बना छत्तीसगढ़
x
चिटफंड कंपनियों पर शिकंजा: सीएम भूपेश बघेल ने कहा...
रायपुर (जसेरि)। चिटफंड कंपनियों में लोग अपनी जमा पूंजी निवेश करके धोखे के शिकार हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ ने ऐसी धोखाधड़ी के खिलाफ न सिर्फ एक्शन लिया है बल्कि निवेशकों को पैसा वापस करने का भी जिम्मा उठाया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने वायदे के अनुसार चिटफंड के पीडि़त निवेशकों को उनकी राशि लौटा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय से राज्य के 7 जिलों के 35 हजार 378 पीडि़त निवेशकों को 4 करोड़ 13 लाख 88 हजार 996 रुपए की राशि लौटाई। मुख्यमंत्री बघेल के निर्देश पर अब तक राज्य के 81 हजार 204 पीडि़त निवेशकों को 37 करोड़ 92 लाख 99 हजार 656 रुपये की राशि लौटाई जा चुकी है। 208 चिटफंड कंपनियों के खिलाफ 462 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और इनसे संबंधित 700 से अधिक डायरेक्टर्स/ पदाधिकारियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, मनेंद्रगढ़ , कोरिया और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 35,378 निवेशकों को चिटफंड कम्पनियों द्वारा हड़पी गई राशि लौटाई। इसमें रायपुर जिले के 13 हजार 676 निवेशकों को एक करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपए, बिलासपुर जिले के 16 हजार 615 निवेशकों को आज 84 द्मलाख 55 हजार रुपए की राशि वापस की गई है। इसी तरह से राजनांदगांव जिले के 4835 निवेशकों को आज एक करोड़ 10 लाख रुपए और धमतरी जिले के 43 निवेशकों को 12 लाख 55 हजार की राशि वापस दी गई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 110 निवेशकों को 44 लाख 41 हजार 895 रुपए, कोरिया जिले के 94 निवेशकों को 17 लाख 18 हजार 960 रूपए और मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ जिले के 5 निवेशकों को 54 हजार 100 रुपए की राशि का अंतरण किया गया है।
हितग्राहियों को आनलाइन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई करके पीडि़त निवेशकों का पैसा वापस लौटाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे द्वारा की गई कार्रवाई को देखते हुए अब दूसरे राज्य भी हमसे ये पूछ रहे हैं कि ये कैसे संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सब कुछ राज्य की जनता के विश्वास के कारण ही संभव हो सका है।
कार्यक्रम में आनलाइन जुड़े राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने संबोधन में कहा कि ये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज वो पैसे निवेशकों को वापस मिल रहे हैं जिसके बारे में सोचना उन्होंने छोड़ दिया था। गृहमंत्री ने पीडि़त निवेशको को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया ने अपने संबोधन मे कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगातार पीडि़त निवेशकों के पैसे वापस लौटाए जा रहे हैं और भविष्य में इस काम में और भी तेजी आएगी। डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की जनता से अपना वादा निभाने का काम बहुत अच्छे तरीके से कर रहे हैं।
पीडि़त निवेशकों की राशि लौटाने के न्याय योजना के दौरान छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, डीजीपी अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव अंकित आनंद, गृह विभाग के सचिव बसव राजू, गृह विभाग के संयुक्त सचिव अभिजीत सिंह, सीआईडी के आईजी संजीव शुक्ला उपस्थित थे।
मैंने आपसे वादा किया था आपसे ठगी करके आपके खून-पसीने की कमाई लूटने वाली चिटफंड कंपनियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी और निवेशकों के पैसे लौटाए जाएंगे। हमने चिटफंड कंपनियों से निवेशकों की राशि लौटाने कार्ययोजना बनाई और इस पर अमल के लिए समयसीमा तय की। इस पर अधिकारी कड़ी मेहनत कर रहे हैं और फर्जी कंपनियों पर लगातार कार्रवाई कर निवेशकों को राशि लौटाई जा रही है।
- सीएम भूपेश बघेल
सीएम भूपेश बघेल ने राज्यपाल हरिचंदन व सिद्धारमैया को जन्मदिन पर दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को जन्मदिन पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने अपने बधाई संदेश में राज्यपाल हरि चंदन के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को जन्मदिन पर बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने सिद्धारमैया के स्वस्थ और उज्जवल भविष्य की कामना की है।
Next Story