छत्तीसगढ़

मंत्रालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, ठगबाज गिरफ्तार

Shantanu Roy
24 Feb 2024 2:11 PM GMT
मंत्रालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, ठगबाज गिरफ्तार
x
सरगुजा। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में उंची पहुंच बता नौकरी लगाने के नाम पर कांग्रेस नेता एवं सहयोगी ने एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों ने पीड़ित को महिला बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर की नौकरी लगवा देने का झांसा दिया था। नौकरी नहीं लगने पर आरोपियों ने पैसे भी वापस नहीं किए तो रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने कांग्रेस नेता सहित दो को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक मिशन चौक केदारपुर निवासी विनोद कुमार गुप्ता (52) ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री की नौकरी लगा देने के नाम पर संजय कुमार गुप्ता एवं किशोर कुमार गुप्ता ने जुलाई 2023 में 10 लाख रुपये ले लिए हैं। किशोर कुमार गुप्ता कांग्रेस का नेता है एवं उसने मंत्रालय में अपनी अच्छी पहुंच बताई। पूर्व परिचित संजय कुमार गुप्ता से प्रार्थी विनोद कुमार गुप्ता को कांग्रेस नेता से मिलवाया था।
आरोपियों ने जुलाई 23 में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से विनोद कुमार गुप्ता से 10 लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं लगने पर प्रार्थी ने पैसों की मांग की, तो आरोपियों ने पैसे भी वापस नहीं किए। इसकी रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया। बैंक रिकार्ड से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से राशि आरोपियों के खाते में अंतरण की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार गुप्ता (54) निवासी मिशन चौक केदारपुर एवं कांग्रेस नेता किशोर कुमार गुप्ता (54) निवासी बाग़बहरा जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया। अपराध सबूत पाये जाने से धारा 41 (ए) सी.आर.पी.सी. के निहित प्रावधानो के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना गांधीनगर एएसआई राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनोज मालवीय, आरक्षक अजय तिवारी अमरेश सिंह, मनीष सिंह, अनुज जायसवाल शामिल रहे।
Next Story