छत्तीसगढ़

संगठन में बदलाव, सीएम के बयान के बाद अटकलें तेज...

Nilmani Pal
12 March 2023 5:02 AM GMT
संगठन में बदलाव, सीएम के बयान के बाद अटकलें तेज...
x

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस की टीम में फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद ही संगठन में बदलावों का इशारा किया है। भूपेश बघेल ने शनिवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से मुलाकात की। उनके बीच हुई इस मुलाक़ात में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर चर्चा की गई। दिल्ली से रायपुर लौटने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहा कि, संगठन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से विस्तार से चर्चा हुई है। प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से बदलाव होने की संभावना है। इस दौरान भूपेश बघेल ने अमरजीत भगत को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की ओर भी इशारा किया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन में बदलाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष को इनपुट दे दिए हैं। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के बीच कई बार खींचतान की खबरें भी आती रही है।

टिकट बंटवारे को लेकर लॉबिंग भी शुरू : आपको यह भी बता दें कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर लॉबिंग भी शुरू हो चुकी है। प्रदेश के कांग्रेस संगठन में अगर बदलाव हुआ तो टिकटों के बंटवारे पर इसका सीधा असर पड़ेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राय इस टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में संगठन में ऐसे लोगों को प्रमुख पद सौंपे जा सकते हैं जो इस मुद्दे पर एकमत होकर काम कर सकें।

अमरजीत भगत को बड़ी जिम्मेदारी : अमरजीत भगत को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की भी खबर फैल रही है। आपको बता दें कि वह इस समय प्रदेश सरकार में खाद्य मंत्री भी हैं। इसके साथ ही अमरजीत भगत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी भी माने जाते हैं।

कांग्रेस के नए संविधान के मुताबिक होंगे बदलाव

कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन हाल ही में रायपुर में हुआ था। इसमें तय किया गया कि कांग्रेस अपने संगठन में 50 फीसदी हिस्सेदारी महिलाओं दलितों आदिवासी और युवाओं को देगी। अब प्रदेश संगठन में आगामी होने वाले बदलावों में इन नियमों का ध्यान रखा जाएगा। चर्चा ये भी है कि जिला और प्रदेश स्तर में कुछ नए और पुराने पदाधिकारियों को फिर मौका दिया जाएगा। और यही टीम चुनावी मैदान में उतरेगी।

अगली बार 75 पार तो फिर बदलाव क्यों: सिंहदेव

दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव की चर्चा है। लेकिन इस संभावित बदलाव के पक्ष में टीएस सिंहदेव नहीं हैं। उन्हें नहीं लगता कि, प्रदेश संगठन में किसी भी तरह के बदलाव की जरूरत है। सरगुजा में सिंहदेव ने कहा, इस बार के चुनाव में सीनियर नेता प्रदेश में न सिर्फ दोबारा सरकार बनने की बात कर रहे हैं ,बल्कि 75 पार का दावा यानी 90 में से 75 सीटें जीतने की बात कर रहे हैं। उन्होंने इसे अच्छी स्थिति बताया है। सिंहदेव ने कहा- संगठन में फेरबदल को लेकर मुझे जानकारी नहीं है। पार्टी के सीनियर मंत्री कह रहे हैं कि इस बार 75 के पार। अगर ऐसा अनुमान है तो संगठन में बदलाव का औचित्य समझ के परे है। टीम अच्छा काम कर रही है तो बदलना क्यों ? हार जीत की निकटतम स्थिति में बदलाव सही होता है, मगर यहां तो स्थिति अच्छी है, मंत्रिमंडल के बदलाव पर सिंहदेव ने कहा कि मुझे की जानकारी नहीं है।

Next Story