छत्तीसगढ़

CG: सांप के काटने से महिला की दर्दनाक मौत

Shantanu Roy
5 Oct 2024 6:47 PM GMT
CG: सांप के काटने से महिला की दर्दनाक मौत
x
छग
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले में जहरीले करैत सांप के काटने से रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। जिले में चार माह के भीतर करैत सांप के काटने से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम राजाआमा निवासी चंद्रहास का विवाह एक साल पहले ही सामाजिक रीति रिवाज के साथ जयंती मंझवार (22) के साथ हुआ था। महिला के परिजनों ने बताया कि 1 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद महिला अपने घर में सो रही थी इसी दौरान रात तकरीबन 10 बजे जहरीले सांप के काटते ही महिला की नींद खुल गई। सांप के काटने की जानकारी महिला ने अपने पति को दी।


इस दौरान उन्होंने देखा कि उनके घर से एक जहरील करैत सांप निकल रहा था। परिजनों के द्वारा महिला को सबसे पहले घरघोड़ा अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां स्थिति में सुधार नहीं होने के बाद उसे अगले दिन रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया था जहां महिला का उपचार चल रहा था। इस बीच शुक्रवार की शाम महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम पश्चात शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिये सौंप दिया है। ज्ञात हो कि 4 माह के भीतर रायगढ़ जिले में सर्पदंश से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। सर्पदंश से मरने वालों में चार रायगढ़ जिले के रहवासी है तो वहीं एक सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र का है।
Next Story