छत्तीसगढ़

CG: कार में युवती को देख भड़की पत्नी, विवाद में पति की उंगली काटी

SHIDDHANT
30 Aug 2026 7:55 PM IST
CG: कार में युवती को देख भड़की पत्नी, विवाद में पति की उंगली काटी
x
छग
Korba कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में शिक्षक दंपती के बीच चल रहा घरेलू विवाद थाने तक पहुंच गया। पति को कार में एक युवती के साथ देखने के बाद पत्नी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान पत्नी पर पति के हाथ पर हमला कर उसकी उंगली काटने का आरोप है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कटघोरा थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, महिला कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पति चैतमा क्षेत्र के एक स्कूल में व्याख्याता हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही अनबन चल रही थी।
कार में युवती को देखकर हुआ विवाद
बताया गया कि शिक्षिका ने अपने पति को कार में एक युवती के साथ देखा। युवती को कार में देखकर उन्होंने पति से इस संबंध में सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है। शिक्षिका ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी शिकायत को दर्ज कर मामले की जांच में शामिल किया है।
पति ने कहा- पूर्व छात्रा थी युवती
वहीं शिक्षक पति ने भी अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि कार में बैठी युवती उनकी पूर्व छात्रा थी। उन्होंने पत्नी को युवती के कार में होने की वजह समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। शिक्षक का आरोप है कि पत्नी ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट के दौरान उनके हाथ पर हमला किया, जिससे उनकी उंगली कट गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, पति-पत्नी दोनों शिक्षक हैं। दोनों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद के दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद और अनबन की स्थिति थी। कार में युवती को देखने के बाद यह विवाद और बढ़ गया। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
Next Story