
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदगी फैले होने और सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें नगर निगम के उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर विभाग सख्त
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रत्येक समीक्षा बैठक में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। शहर के विभिन्न स्थानों पर गंदगी फैले होने की खबरें लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही हैं। विभाग ने नोटिस में उल्लेख किया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होना गंभीर विषय है। इससे नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित हो रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
उपायुक्त और जोन आयुक्त को थमाया नोटिस
विभाग ने रायपुर नगर निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को शहर में फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना है। इसी आधार पर दोनों अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। नोटिस में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करें। इसके बाद नगर निगम आयुक्त को प्राप्त जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत तैयार करना होगा और उसे संचालनालय को भेजना होगा।
समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का भी उल्लेख
कारण बताओ नोटिस में विभाग ने शहर में जगह-जगह गंदगी फैले होने से संबंधित समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का भी उल्लेख किया है। विभाग का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए हैं। नोटिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी की स्थिति से नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों से उनकी जिम्मेदारी और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जवाब नहीं देने पर होगी एकपक्षीय कार्रवाई
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दोनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तीन दिनों की समयावधि में जवाब प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों अधिकारियों को अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। अब उनके जवाब और उस पर नगर निगम आयुक्त के अभिमत के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Next Story





