छत्तीसगढ़

CG: चोर घर से चार भरे गैस सिलेंडर ले उड़े, ग्रामीणों ने थाना घेराव की चेतावनी दी

SHIDDHANT
29 May 2026 9:03 PM IST
CG: चोर घर से चार भरे गैस सिलेंडर ले उड़े, ग्रामीणों ने थाना घेराव की चेतावनी दी
x
छग
Pithora पिथौरा: नगर से लगे ग्राम पंचायत लहरौद की कर्मचारी कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भारी नाराजगी है। ताजा मामले में चोरों ने एक घर से चार भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए थाना घेराव की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, कर्मचारी कॉलोनी निवासी सियाराम साहू के घर को देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर के अंदर रखे चार गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। यह इलाका पिथौरा थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिसके बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में रबी अग्रवाल के घर में चोरी हुई थी, जबकि गीतांजलि हार्डवेयर और एक ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर में भी चोरी का प्रयास किया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं हो रही है। पुरानी चोरियों का भी अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। ग्राम पंचायत लहरौद की सरपंच जयश्री अनिल सोई और उपसरपंच रमेश सिन्हा ने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की और रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई तो ग्रामीण पिथौरा थाने का घेराव करेंगे।
Next Story