छत्तीसगढ़

CG: तीन दुकानों में एक ही रात चोरी, लाखों की नगदी पार

Shantanu Roy
24 Aug 2025 10:33 PM IST
CG: तीन दुकानों में एक ही रात चोरी, लाखों की नगदी पार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चोरी करने से पहले दुकान की छत पर बैठकर शराब पी और उसके बाद लाखों की रकम पार कर दी। वारदात का खुलासा सुबह हुआ, जिसके बाद पुलिस टीम, सायबर सेल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

तीन दुकानों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना रूपेन्द्र पटेल अस्पताल परिसर के पास हुई, जहां ऑल इज वेल मेडिकल दुकान, मित्तल मेडिकल और देवशर इलेक्ट्रॉनिक दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑल इज वेल मेडिकल से करीब 1 लाख रुपये नगद, जबकि देवशर इलेक्ट्रॉनिक से लगभग 15 हजार रुपये नगद चोरी हुए हैं। घटना स्थल की जांच के दौरान पुलिस को दुकान की छत पर शराब की खाली बोतल और डिस्पोजल गिलास मिले। इससे स्पष्ट है कि चोरों ने चोरी की योजना बनाने से पहले शराब पी और फिर वारदात को अंजाम दिया। यह अंदाज चोरों की निडरता और संगठित तरीके से काम करने की ओर इशारा करता है।
CCTV में दिखे दो चोर
मेडिकल दुकान संचालक कलमजीत ने बताया कि रात में दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि गल्ला टूटा हुआ है और नकदी गायब है। उन्होंने बताया कि दुकान के पीछे से घुसकर चोर छत के रास्ते भीतर दाखिल हुए और चोरी की। कलमजीत ने यह भी कहा कि एक साल पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो चुकी है। इस बार दुकान में लगे CCTV कैमरे में दो संदिग्ध चोर नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सायबर सेल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान जल्द से जल्द हो सके।
क्षेत्र में फैली दहशत
तीन दुकानों में एक साथ चोरी होने से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि रात में पुलिस गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीम बनाकर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। इस वारदात ने एक बार फिर रायगढ़ शहर में सुरक्षा व्यवस्था और रात की पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार चोरी की घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि संगठित चोर गिरोह सक्रिय हैं और पुलिस को उनके खिलाफ सख्त अभियान चलाने की जरूरत है।
Next Story