छत्तीसगढ़
CG: चांदी की चैन लूट का चंद घंटों में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
31 Aug 2026 8:58 PM IST

x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के नैला चौकी क्षेत्र में मारपीट कर चांदी की चैन लूटने के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। नैला पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई 42 ग्राम वजन की चांदी की चैन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोमल कश्यप उर्फ माऊ (19 वर्ष) पिता छतराम कश्यप, निवासी नैला वार्ड क्रमांक 04 के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुरानी बात को लेकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, नैला वार्ड क्रमांक 05 निवासी रामप्रकाश यादव ने चौकी नैला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:20 बजे मनीष कश्यप ने मोबाइल फोन से संपर्क कर उसे सुल्तान नगर स्थित ईश्वरी यादव के घर के पास बुलाया था। रामप्रकाश वहां पहुंचकर मनीष से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ पीछे से वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्का और बेल्ट से रामप्रकाश के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए रामप्रकाश के गले में पहनी चांदी की चैन बलपूर्वक लूट ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने नैला चौकी पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित की रिपोर्ट पर चौकी नैला पुलिस ने अपराध क्रमांक 641/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ धारा 309(6), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। चौकी नैला प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपी की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
जूना तालाब के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम को आरोपी के जूना तालाब के पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कोमल कश्यप को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार आरोपी ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से लूटी गई 42 ग्राम वजन की चांदी की चैन बरामद कर ली। बरामद चैन की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चैन को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कोमल कश्यप का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है। वर्तमान मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Next Story





