
x
छत्तसीगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: रायपुर में घर-घर से कचरा एकत्र करने वाले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच दलदल सिवनी यार्ड में हड़ताली कर्मचारियों और प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
बताया गया कि मेयर Meenal Choubey के बयान के बाद शनिवार सुबह तहसीलदार, नगर निगम अधिकारियों और बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ दलदल सिवनी यार्ड पहुंचे। वहां कर्मचारियों से चर्चा की गई, लेकिन बातचीत के दौरान कोई सहमति नहीं बन सकी।
कर्मचारियों का आरोप है कि इसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ कर्मचारियों को वाहन में बैठाकर मोवा थाना ले जाया गया, जबकि कुछ को तूता स्थित धरना स्थल पहुंचाया गया।
हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि दीपावली के बाद से उन्हें लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक वेतन वृद्धि को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं सफाई व्यवस्था संभाल रही अनुबंध कंपनी रामकी प्रबंधन का कहना है कि नगर निगम पर उसके करीब 78 करोड़ रुपए बकाया हैं। कंपनी का आरोप है कि भुगतान को लेकर निगम की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
Next Story





