छत्तीसगढ़

CG NEWS: घर की रसोई से लॉकर तक पहुंचा चोर, CCTV ने खोल दी पूरी पोल

SHIDDHANT
18 Nov 2026 8:04 PM IST
CG NEWS: घर की रसोई से लॉकर तक पहुंचा चोर, CCTV ने खोल दी पूरी पोल
x
रायपुर क्राइम न्यूज
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घर में खाना बनाने वाले रसोइए द्वारा मालिक के घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में आरोपी रसोइया पिछले दो से तीन महीने से मौका पाकर घर की अलमारी से जेवरात और नकदी चोरी कर रहा था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी करतूत कैद होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खम्हारडीह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रसोइए बबलू मिश्रा और चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर संतोष सोनी को गिरफ्तार किया है।
घर में खाना बनाता था आरोपी, मौका पाकर करता था चोरी
पुलिस के मुताबिक, भावना नगर खम्हारडीह निवासी पदमेश दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी के लॉकर से पिछले दो-तीन महीनों से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी गायब हो रहे थे। लगातार सामान गायब होने पर परिवार को संदेह हुआ। इसके बाद घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। 15 नवंबर 2026 को परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति में घर में खाना बनाने वाला बबलू मिश्रा अलमारी के लॉकर से जेवरात और नकदी चोरी करते हुए कैमरे में कैद हो गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने करीब 15 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी चोरी की थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज
शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह पुलिस ने अपराध क्रमांक 464/2026 के तहत बीएनएस की धारा 306 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने बबलू मिश्रा को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया।
ज्वेलर को बेचता था गहने, कुछ गोल्ड लोन में रखे गिरवी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के कुछ आभूषण कुशालपुर पुरानी बस्ती निवासी ज्वेलर संतोष सोनी को बेचे थे। इसके अलावा कुछ गहने मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने संतोष सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे गए आभूषणों के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
3.15 लाख रुपए के जेवरात जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 15 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में बबलू मिश्रा (47 वर्ष), मूल निवासी रीवा, मध्यप्रदेश, वर्तमान निवासी भावना नगर, रायपुर और संतोष सोनी (51 वर्ष), निवासी कुशालपुर, पुरानी बस्ती, रायपुर शामिल हैं। पुलिस अब गोल्ड लोन में गिरवी रखे आभूषणों को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Next Story