छत्तीसगढ़
CG NEWS: बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ की फिरौती, FIR दर्ज
Shantanu Roy
21 Nov 2026 2:17 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बिश्नोई गैंग के नाम पर एक दवा कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने कारोबारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरा वॉयस नोट भेजकर भारी रकम की मांग की है। आरोपी ने खुद को बिश्नोई गैंग का खास आदमी बताते हुए रुपये नहीं देने पर कारोबारी और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। घटना के बाद कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली दुर्ग पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर कारोबारी के घर के बाहर पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, पूरा मामला दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा को 19 नवंबर को एक अनजान मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर वॉयस मैसेज प्राप्त हुआ था। कारोबारी ने जब इस वॉयस नोट को प्ले किया तो उसमें बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
खुद को बताया बिश्नोई गैंग का खास आदमी
व्हाट्सएप वॉयस नोट में अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बिश्नोई गैंग का खास आदमी बताया। उसने कारोबारी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मांगी गई रकम नहीं दी गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। अचानक मिले इस धमकी भरे संदेश से कारोबारी और उनके परिवार में चिंता का माहौल बन गया। धमकी को गंभीरता से लेते हुए शशांक चोपड़ा ने तत्काल दुर्ग के कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कारोबारी के घर के बाहर कुछ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि उनकी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बिश्नोई गैंग का नाम लेकर धमकी देने वाले की तलाश
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या किसी अन्य व्यक्ति ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारी से रंगदारी मांगने की कोशिश की है। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। व्हाट्सएप पर भेजे गए वॉयस नोट और जिस मोबाइल नंबर से संदेश आया है, उसकी जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
मेडिकल खरीदी घोटाले में भी सामने आया था कारोबारी का नाम
दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा का नाम इससे पहले छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था। इस मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जनवरी 2025 में प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी संबंधित लेनदेन की जांच शुरू की थी। जांच के बाद शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी। अब बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने की घटना ने जिले में चर्चा बढ़ा दी है। फिलहाल दुर्ग पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाले का किसी संगठित गिरोह से संबंध है या उसने केवल बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
Next Story





