छत्तीसगढ़

CG NEWS: 71 वर्षीय महिला ने कोरोना से लड़ी जंग, 37 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

Triveni
17 July 2021 2:13 AM GMT
CG NEWS: 71 वर्षीय महिला ने कोरोना से लड़ी जंग, 37 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
x
कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला एक माह सात दिन बाद पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर वापस लौटी।

अंबिकापुर। कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला एक माह सात दिन बाद पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर वापस लौटी। महिला पहले ही स्वस्थ हो चुकी थी लेकिन उसका आक्सीजन लेवल 85 के आसपास स्थिर हो गया था ऐसे में बीएमओ डा. इमरान के साथ चिकित्सकों,स्वास्थ्य कर्मचारियों ने महिला को छुट्टी देने के बजाय उस पर सतत निगरानी और आवश्यकता के अनुरूप आक्सीजन देना जारी रखा। आखिरकार महिला ने कोरोना को पूरी तरीके से मात दी। लुंड्रा विकासखंड के ग्राम दुन्दु निवासी जुगमती 71 वर्ष को लगभग 38 दिन पहले जब धौरपुर अस्पताल लाया गया था तब वह सर्दी, खांसी, बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित थी। उसके सारे लक्षण कोरोना के थे। जब उसकी जांच की गई तो वह कोरोना संक्रमित पाई गई। बीएमओ डा. इमरान के मार्गदर्शन में तत्काल उसे धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित कोविड वार्ड में भर्ती कर लिया गया। धीरे-धीरे उसके स्वास्थ्य में सुधार होने लगा था। कुछ दिन पहले वह स्वस्थ हो चुकी थी सिर्फ आक्सीजन लेबल कम था। बीएमओ डा. इमरान ने बताया कि ऐसी परिस्थिति में गांव की महिला को घर भेजना उचित नहीं था। घर जाने के बाद दित बढ़ती तो उसे आक्सीजन उपलब्ध करा पाने में स्वजन भी सक्षम नहीं हो पाते, इसलिए उसे कोविड वार्ड में ही भर्ती रख निगरानी किया जाता रहा। दवाइयां बंद कर दी गई थी। आक्सीजन लेबल को वापस लाना महत्त्वपूर्ण था। वह कोविड वार्ड में अकेली मरीज थी लेकिन लगातार निगरानी में रही। जब भी आक्सीजन की कमी हुई उसे दिया गया। आहार पर भी ध्यान दिया गया। लगातार उसका मनोबल भी बढ़ाया जाता रहा। धीरे -धीरे उसका आक्सीजन लेबल भी सामान्य होने लगा था। उसके बाद भी दो -तीन दिन उसे अस्पताल में रखा गया। शुक्रवार को एक माह 37 दिन बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर जाने से पहले महिला ने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। अब धौरपुर के कोविड वार्ड में कोरोना के एक भी मरीज नहीं है।


Next Story