
x
छग
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को कोमाखान, खल्लारी और पटेवा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 47.120 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा नकदी, मोबाइल फोन, स्कूटी और तौलने के सामान सहित कुल 27 लाख 54 हजार 690 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
रेलवे स्टेशन पर गांजे के साथ पांच गिरफ्तार
कोमाखान पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर तीन पुरुष और दो महिलाएं बैग में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों संदिग्धों को पकड़कर उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 30.160 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 8 हजार रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीत भाई सोलंकी (25), जितेश भाई सोलंकी (31), शोभाबेन मकवाना (50), महेन्द्र सिंह (60) और कांता बाई सोलंकी (55) के रूप में हुई है। सभी आरोपी गुजरात के भावनगर जिले के रहने वाले हैं।
ओडिशा से गुजरात ले जा रहे थे गांजा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बालीगुड़ा से गांजा लेकर गुजरात के भावनगर जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से गांजे के अलावा तीन मोबाइल फोन और 5,190 रुपए नकद बरामद किए हैं। कोमाखान में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 15 लाख 48 हजार 190 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, खल्लारी और पटेवा थाना क्षेत्रों में भी गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।
Next Story





