
x
छग
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार तड़के एक टायर दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान के बाहर रखे टायर अचानक धू-धूकर जलने लगे। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। हालांकि, आगजनी के चलते दुकान संचालक को करीब 80 हजार से एक लाख रुपये तक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक की है। जानकारी के मुताबिक, यहां मोहम्मद नौशाद की अब्दुल्ला टायर नामक दुकान संचालित है। शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और वहां रखे टायर जलने लगे। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान के बाहर रखे कई टायर जल चुके थे। इस घटना से दुकान संचालक को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
दुकान संचालक मोहम्मद नौशाद ने घटना को लेकर असामाजिक तत्वों पर आशंका जताई है। उनका संदेह है कि किसी ने जानबूझकर दुकान के बाहर रखे टायरों में आग लगाई होगी। हालांकि, अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना किसी शरारती तत्व की करतूत है या फिर किसी अन्य कारण से आग लगी है। इधर, आगजनी की घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दुकान के बाहर रखे टायरों को भीषण आग की चपेट में देखा जा सकता है। आग की तेज लपटें घटना की भयावहता को बयां कर रही हैं। रबर के टायरों में आग लगने के कारण बड़ी मात्रा में धुआं भी उठता दिखाई दे रहा है।
गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। यदि आग अधिक फैलती तो नुकसान और भी बढ़ सकता था। घटना के बाद दुकान संचालक अपनी संपत्ति को हुए नुकसान से परेशान है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में करीब 80 हजार से एक लाख रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सीएसईबी चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सामने अब आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की चुनौती है। दुकान संचालक द्वारा जताई गई आशंका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





