छत्तीसगढ़
CG: अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 1350 कट्टा धान जब्त
Shantanu Roy
7 Jan 2026 6:52 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशासन द्वारा आज दो अलग-अलग विकासखंडों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1350 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इस कार्रवाई से अवैध रूप से धान की खरीद-फरोख्त और भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहका में की गई। बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं संबंधित विभागीय अमले द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम मोहका निवासी उत्तम कुमार बारीक के पास बड़ी मात्रा में धान अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। मौके पर जांच करने पर कुल 1000 पैकेट धान अवैध रूप से रखे होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद नियमानुसार संबंधित रकबे का समर्पण कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। जब्त किए गए धान को आगे की प्रक्रिया के लिए अभिलेखों में दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत खड़ा दरहा मुंगासेर क्षेत्र में की गई। यहां डिप्टी कलेक्टर शुभम देव के नेतृत्व में राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 350 पैकेट अवैध धान पाया गया। जांच उपरांत उक्त धान को जब्त कर नियमानुसार मंडी के सुपुर्द किया गया, ताकि शासन के नियमों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर धान का अवैध संग्रहण, भंडारण अथवा परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विकासखंडों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए। उड़नदस्ता टीमों को सक्रिय रखते हुए संदेहास्पद स्थलों पर आकस्मिक निरीक्षण किए जाएं, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और केवल अवैध रूप से धान का कारोबार करने वालों पर ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अवैध धान भंडारण और संग्रहण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों और किसानों से भी अपील की है कि वे शासन के नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Tagsछत्तीसगढ़ न्यूज हिंदीछत्तीसगढ़ न्यूजछत्तीसगढ़ की खबरछत्तीसगढ़ लेटेस्ट न्यूजछत्तीसगढ़ न्यूज अपडेटछत्तीसगढ़ हिंदी न्यूज टुडेछत्तीसगढ़ हिंदीन्यूज हिंदी न्यूज छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ हिंदी खबरछत्तीसगढ़ समाचार लाइवChhattisgarh News HindiChhattisgarh NewsNews of ChhattisgarhChhattisgarh Latest NewsChhattisgarh News UpdateChhattisgarh Hindi News TodayChhattisgarh HindiNews Hindi News ChhattisgarhChhattisgarh Hindi NewsChhattisgarh News Liveजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





