छत्तीसगढ़

CG: तेज रफ्तार बनी काल, बाइक सवार की मौके पर मौत

SHIDDHANT
9 Feb 2026 11:23 PM IST
CG: तेज रफ्तार बनी काल, बाइक सवार की मौके पर मौत
x
दुर्ग।
Durg दुर्ग। भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसा गेट से उम्दा रोड पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बाइक और ट्रक के बीच हुआ। दुर्घटना में बाइक सवार निलेश कुर्रे (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। निलेश, सुरडुंग जामुल का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के समय बाइक (क्रमांक CG 04 ZY 5773) पर दो युवक सवार थे। मृतक के साथ मौजूद दूसरा युवक भीमा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में आ रही बाइक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे निलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह भरद्वाज अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित किया और यातायात को नियंत्रित किया।
इस दौरान एक्स आर्मीमैन एवं रोड सेफ्टी ग्रुप के सक्रिय सदस्य हरप्रीत सिंह ने मानवीय पहल करते हुए घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिया। उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर घायल को अस्पताल पहुंचाने और मृतक के शव को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक से भी पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
Next Story