छत्तीसगढ़
CG: बिंजकोट में 60 हजार का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Nov 2026 1:45 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध नशे के कारोबार और तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत भूपदेवपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम बिंजकोट में घेराबंदी कर गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। मामले में गांजा परिवहन कर रहे मुख्य आरोपी के साथ-साथ बिक्री में सहयोग करने वाले उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से कुल 4.110 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत 60,000 रुपये) और बिक्री की नगद रकम बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम बिंजकोट निवासी एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में अवैध गांजा भरकर पैदल ही ग्राम बिंजकोट से ग्राम दर्रामुड़ा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना भूपदेवपुर प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास रणनीतिक घेराबंदी की। जैसे ही संदेही व्यक्ति बोरी लेकर वहां से गुजरा, पुलिस ने उसे रोककर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम धनेश्वर कुम्हार (उम्र 62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा, थाना भूपदेवपुर बताया।
4 पैकेट में मिला 4.110 किलो गांजा
संदेही धनेश्वर कुम्हार की विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से खाकी रंग के टेप में लिपटे हुए गांजे के 4 अलग-अलग पैकेट बरामद हुए। मौके पर जब बरामद मादक पदार्थ का तौल कराया गया, तो कुल 4.110 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी धनेश्वर कुम्हार ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
पूछताछ में खुला सहयोगी का नाम, पुलिस ने दबोचा
मामले की गहन विवेचना और आरोपी धनेश्वर से आगे की पूछताछ के दौरान गांजा की खरीदी-बिक्री के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। धनेश्वर ने बताया कि इस अवैध कारोबार में उसका सहयोगी ठाकुर प्रसाद पटेल (उम्र 39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल, निवासी ग्राम दर्रामुड़ा भी बराबर का साझेदार है। सूचना की पुष्टि होते ही भूपदेवपुर पुलिस ने तत्काल दर्रामुड़ा में दबिश देकर ठाकुर प्रसाद पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने भी गांजा व्यापार में अपनी संलिप्तता और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी ठाकुर प्रसाद पटेल के कब्जे से गांजा बिक्री की नगद रकम 500 रुपये भी जप्त कर ली है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, भेजे गए जेल
भूपदेवपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों—धनेश्वर कुम्हार और ठाकुर प्रसाद पटेल के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के निर्देश, तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव एवं डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। भूपदेवपुर पुलिस अब गांजा आपूर्ति की बैकवर्ड और फॉरवर्ड कड़ियों को तलाशने तथा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पतासाजी में जुटी हुई है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल रेड और गिरफ्तारी में भूपदेवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, प्रधान आरक्षक संजय तिर्की, तथा आरक्षक संदीप मिश्रा, अशोक चौहान, बोधराम सिदार, प्रदीप तिवारी, संतोष जायसवाल एवं हेतराम सिदार की अहम और सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
"रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार, तस्करी या बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। 'ऑपरेशन आघात' के तहत पुलिस लगातार सक्रिय है और नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आरोपियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।"
Next Story





