
x
छत्तीसगढ़
Dantewada दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिसकर्मियों के जुआ खेलने का एक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। यह वीडियो डेगलरास और मेटनार के जंगल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग तिरपाल के नीचे जुआ खेलते नजर आ रहे हैं। सामने आए वीडियो में एक सिटी कोतवाली में पदस्थ पुलिसकर्मी और एक बर्खास्त एएसआई भी दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली में पदस्थ भुनेश्वर भंडारी और बर्खास्त एएसआई गीता सिंह बंजारे का नाम इस मामले में सामने आया है। बताया जा रहा है कि जंगल में हर दिन दोपहर के बाद जुए का फड़ बैठता है, जो देर रात तक चलता है। इस फड़ में दंतेवाड़ा के अलावा सुकमा, बीजापुर, बस्तर और आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस जुए के खेल में हर दिन करीब 10 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन होता है, जबकि कुछ दिनों में यह राशि 40 से 50 लाख रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। यह पूरा फड़ सिटी कोतवाली क्षेत्र के बेहद करीब संचालित होने की बात भी सामने आई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले पर एएसपी आरके बर्मन ने कहा है कि वीडियो की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा वीडियो सामने आया है, जिसमें पहले जुआ खेलते लोग दिखे थे और अब पुलिसकर्मियों के शामिल होने का आरोप लगा है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
Next Story





