छत्तीसगढ़

CG CRIME: बहू की गला घोंटकर की हत्या, सास-देवर गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 Sep 2024 3:46 PM GMT
CG CRIME: बहू की गला घोंटकर की हत्या, सास-देवर गिरफ्तार
x
Kondagaon. कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में महिला की हत्या कर दी गई। उसके देवर और सास ने ही रस्सी से गला घोंटकर महिला को मार डाला। दोनों ने पुलिस को बताया कि, उनकी बहू चोरी करती थी, दारू पीकर मारपीट करती थी, इसलिए गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक विश्रामपुरी ठेंगापारा की रहने वाली 23 साल की सावित्री यादव 3 सितंबर की रात अपने घर में अकेली थी। उसी रात बगल के घर में अलग से रहने वाली उसकी सास रुखमणी यादव और देवर बलराम यादव उसके घर पहुंचे थे।

दोनों ने उसके घर में घुसकर पहले कमरे का दरवाजा बंद किया फिर अपनी बहू की जमकर पिटाई की। इसके बाद बलराम ने उसका गला घोंटकर उसे मार डाला। आरोपियों ने लाश को घर के बाहर पेड़ में फांसी के फंदे से लटकाने की कोशिश भी की। शव का वजन ज्यादा होने के चलते आरोपी उसे लटका नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने शव को कमरे में ही लाकर छोड़ दिया। अगले दिन जब पड़ोसी सावित्री के घर पहुंचे तो वहां लाश पड़ी थी। पड़ोसियों ने इसकी खबर पुलिस को दी गई जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करना पाया गया था। पुलिस ने पूछताछ की और शक के आधार पर सास और देवर को हिरासत में लिया। दोनों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। दोनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बहू शराब पीती थी, गाली-गलौज करती थी। बस्ती में कुछ लोगों के घर चोरी भी की थी जिसका हर्जाना परिवार को भरना पड़ा था। परिवार वाले सावित्री की हरकत से परेशान थे और हमेशा कलह बनी रहती थी। कुछ दिन पहले सावित्री की सास से लड़ाई भी हुई थी। इस दौरान सावित्री ने सास की बेदम पिटाई कर दी थी। इन्हीं सब विवादों से छुटकारा पाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
Next Story