
x
छग
DURG दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल के पास श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही पांच कट्टा रसीद जब्त की। इसके साथ ही संबंधित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों को तत्काल पार्किंग शुल्क वसूली बंद करने की हिदायत दी गई है। नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर निगम की टीम शाम के समय सेक्टर-10 पहुंची थी। शिकायत थी कि गणेश पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। शिकायत की जांच के लिए अधिकारियों ने अलग-अलग पंडालों के आसपास पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शिवमानस गणेशोत्सव समिति के पंडाल में किसी प्रकार का पार्किंग शुल्क लेते हुए नहीं पाया गया। इसके बाद टीम सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति के पंडाल के पास पहुंची। यहां स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम से पार्किंग संचालित होती मिली। निगम के मुताबिक यहां दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े करने के लिए 10 रुपये, 20 रुपये और 30 रुपये तक शुल्क लिया जा रहा था। निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए इस्तेमाल की जा रही पांच कट्टा रसीद अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद समिति के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को पार्किंग शुल्क की वसूली तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने साफ किया कि भविष्य में दोबारा इस तरह से शुल्क वसूलते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। नगर निगम का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान पंडालों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। भीड़ वाले स्थानों पर पार्किंग, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निगम की टीमें निगरानी कर रही हैं।
निगम ने शहर की सभी गणेशोत्सव समितियों से निर्धारित नियमों के तहत आयोजन करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अनधिकृत राशि नहीं वसूलने को कहा गया है। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। निगम ने स्पष्ट किया है कि गणेशोत्सव के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story





