छत्तीसगढ़

CG BREAKING: युवक का अपहरण कर निर्मम हत्या, नगर पंचायत में फैली सनसनी

Shantanu Roy
26 Dec 2025 11:57 PM IST
CG BREAKING: युवक का अपहरण कर निर्मम हत्या, नगर पंचायत में फैली सनसनी
x
छग
Takhatpur. तखतपुर। बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में एक युवक के अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। दिनदहाड़े युवक का अपहरण, घंटों तक मारपीट और फिर गंभीर हालत में घर के पास फेंकने की इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान राजकुमार धुरी पिता बेनीराम (21 वर्ष) निवासी बरेला नगर पंचायत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन राजकुमार अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर स्थित पंजाब बैंक गया हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे जब वह बैंक से बाहर निकल रहा था, तभी चार से पांच लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक ने बाद में लौटकर मृतक के पिता बेनीराम को दी।
जानकारी मिलते ही बेनीराम अपने बेटे के अपहरण की सूचना देने जरहागांव थाना पहुंचे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने यह कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की कि घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है। निराश होकर जब परिवार थाने से वापस लौटा, तो शाम करीब पांच बजे राजकुमार अपने घर के बरामदे में गंभीर हालत में पड़ा मिला। वह उल्टियां कर रहा था और असहनीय दर्द से कराह रहा था। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस सक्रिय हुई और मामले में जीरो में अपराध दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजनों ने बरेला निवासी एक व्यक्ति पर गंभीर आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले कई वर्षों से उनके मकान को बेचने के लिए दबाव बना रहा था। मकान न बेचने पर परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिजनों के मुताबिक, इसी विवाद के चलते संदिग्ध व्यक्ति का बेटा, एक महिला और उनके कुछ साथी पहले भी मृतक को ढूंढते हुए उसके रिश्तेदारों के घरों तक गए थे, जिससे परिवार पहले से ही भय के माहौल में जी रहा था।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय पर अपहरण की शिकायत दर्ज कर ली जाती, तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
Next Story