छत्तीसगढ़

CG BREAKING: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में विवाहिता की मौत

Shantanu Roy
16 May 2026 6:17 PM IST
CG BREAKING: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में विवाहिता की मौत
x
छग
Vishrampur. विश्रामपुर। छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई 24 वर्षीय विवाहिता की हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार धरतीपारा निवासी ज्योति प्रजापति अपने पति भानु प्रजापति के साथ छोटी बहन के विवाह समारोह में शामिल होने देवनगर स्थित मायके आई हुई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और परिजन खरीदारी में व्यस्त थे।

इसी दौरान बुधवार को वह अपने भाई के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर देवनगर बाजार शॉपिंग के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि बाजार क्षेत्र में अचानक उनकी बाइक की एक स्कूटी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक पर पीछे बैठी ज्योति सड़क पर उछलकर सिर के बल गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर मौजूद गिट्टी उसके सिर में जा घुसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल ज्योति को तुरंत देवनगर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत लगातार बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बिश्रामपुर के पास पहुंचने से पहले ही ज्योति ने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह दुखद सूचना परिवार तक पहुंची, शादी की तैयारियों में जुटा घर चीख-पुकार से भर गया। जहां कुछ ही घंटों बाद शादी की रस्में शुरू होनी थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा मोहल्ला शोक में डूब गया है। घटना ने क्षेत्र में भी गहरा दुख पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Next Story