छत्तीसगढ़
CG BREAKING: मासूम के गले पर चाकू रखकर की डकैती, 6 गिरफ्तार
Shantanu Roy
7 Nov 2026 9:59 PM IST

x
छग
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शासकीय शिक्षक के घर घुसकर ढाई साल की मासूम बच्ची के गले पर चाकू रखकर डेढ़ लाख रुपये की डकैती करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अघिना सलका में हुई इस वारदात में शामिल दो महिलाओं समेत छह आरोपियों को पुलिस ने 11 दिन बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि डकैती की कथित मास्टरमाइंड पीड़ित शिक्षक के दोस्त की बहन शारदा चौहान थी। उसे शिक्षक के घर आने-जाने के कारण परिवार की दिनचर्या और घर में रखी नकदी की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर की देर रात की है। ग्राम अघिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह शासकीय प्राथमिक शाला कोटेया में शिक्षक हैं। उनकी पत्नी बलिता मिंज ओड़गी क्षेत्र के माड़र भकुरा बीट में वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। घटना की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे चार नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। आरोपियों ने शिक्षक को जगाया और उनकी ढाई साल की मासूम बच्ची के गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने परिवार को डराकर आलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए। मासूम बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर की गई इस डकैती से परिवार दहशत में आ गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में भटगांव थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने वारदात के खुलासे के लिए कई स्तरों पर जांच की। सलका-भैयाथान, सलका-प्रतापपुर, प्रतापपुर-खड़गवां मार्ग सहित कल्याणपुर, बरियो, लटोरी और अंबिकापुर मार्ग पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पुलिस को एक काले रंग की कार संदिग्ध दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने कार की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। अलग-अलग स्थानों से मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस जांच में सामने आया कि शारदा चौहान को शिक्षक राधेश्याम सिंह के घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी थी। वह शिक्षक के दोस्त की बहन होने के कारण उनके घर आती-जाती थी। पुलिस के मुताबिक, उसने इसी जानकारी का फायदा उठाकर हुलेश्वर दास के साथ मिलकर डकैती की योजना तैयार की। इसके बाद अन्य लोगों को साजिश में शामिल कर वारदात को अंजाम दिलाया गया। पुलिस ने मामले में शारदा चौहान पति सुनील मिंज उम्र 37 वर्ष निवासी तकिया रोड अंबिकापुर, हुलेश्वर दास पिता सुकृत दास उम्र 35 वर्ष निवासी पोकसरी बतौली, देवकरण दास उर्फ विजय दास पिता अशोक दास उम्र 26 वर्ष निवासी जामडीह सीतापुर, विकास दास पिता कार्तिक दास उम्र 23 वर्ष और उसके भाई सांतु दास उम्र 30 वर्ष निवासी झरगांवां बतौली तथा सोनू कुमारी पुत्री हीरादास उम्र 25 वर्ष निवासी खोरमा प्रतापपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटा गया एक मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल छह मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक चाकू, चार स्टॉल और 1 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में भटगांव थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी तथा आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर और रजनीश पटेल की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) के तहत दर्ज मामले में डकैती से संबंधित धारा 310(6) जोड़ते हुए कार्रवाई की है। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस तरह पुलिस ने 11 दिनों की जांच और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद डकैती की वारदात का खुलासा किया।
Next Story





