छत्तीसगढ़
CG BREAKING: कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह 27 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर
Shantanu Roy
24 Dec 2025 6:51 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को आज कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 27 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस झारखंड से ट्रांजिट रिमांड पर मयंक सिंह को रायपुर लेकर पहुंची है। पुलिस को उम्मीद है कि चार दिनों की रिमांड के दौरान उससे कई बड़े आपराधिक मामलों में अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मयंक सिंह के खिलाफ छत्तीसगढ़ और झारखंड में दर्ज कई संगीन मामलों को लेकर पूछताछ की जाएगी। विशेष रूप से रायपुर में हुई फायरिंग की घटना, रंगदारी नेटवर्क, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गैंग कनेक्शन को लेकर उससे गहन पूछताछ होगी।
रायपुर फायरिंग केस का मुख्य आरोपी
गौरतलब है कि जुलाई 2024 में रायपुर के कोयला और कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय और PRA ग्रुप के संचालक के कार्यालय पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना हुई थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बाइक सवार आरोपी कार्यालय पर दो राउंड फायरिंग करते हुए नजर आया था। एक गोली हवा में और दूसरी कारोबारी की कार पर चलाई गई थी। इस घटना से पूरे रायपुर में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस जांच में इस फायरिंग कांड के पीछे मयंक सिंह का नाम सामने आया था और उसे इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया। मामले में कोर्ट द्वारा मयंक सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने उसे झारखंड से रायपुर लाने की प्रक्रिया पूरी की।
धमकी भरा ई-मेल भी भेज चुका है मयंक
16 जून 2024 को छत्तीसगढ़ और झारखंड के कोल और कंस्ट्रक्शन कारोबारियों को निशाना बनाने आए आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मयंक सिंह ने छत्तीसगढ़ की मीडिया को एक धमकी भरा ई-मेल भेजा था। इस ई-मेल में उसने गिरफ्तारी को साजिश करार देते हुए रंगदारी मांगने से इनकार किया था, लेकिन ‘ईगो हर्ट’ होने की बात कहते हुए कारोबारियों और उनके परिवारों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। इस धमकी भरे ई-मेल के बाद रायपुर एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। अब पुलिस मयंक सिंह से इस ई-मेल और उससे जुड़े नेटवर्क को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से कनेक्शन
मयंक सिंह को झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साव का करीबी माना जाता रहा है। वहीं, यह भी चर्चा में रहा है कि वह लॉरेंस बिश्नोई का बचपन का दोस्त है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मयंक सिंह लंबे समय तक इन गैंग्स के संपर्क में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा। हाल ही में इंटरपोल की मदद से मयंक सिंह को अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। यह झारखंड का पहला मामला बताया जा रहा है, जिसमें किसी गैंगस्टर को विदेश से प्रत्यर्पित कर देश वापस लाया गया हो। रांची एयरपोर्ट से जेल तक उसे बख्तरबंद वाहन में कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाया गया था।
45 से अधिक संगीन मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मयंक सिंह के खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी और आपराधिक साजिश जैसे 45 से अधिक छोटे-बड़े मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय तक विदेश में रहकर अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन करता रहा। जानकारी के अनुसार, उसने उद्योगपतियों, बड़े कारोबारियों और नेताओं से भी रंगदारी मांगी थी। राजस्थान में एक कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री से रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आ चुका है।
Next Story





