छत्तीसगढ़

CG BREAKING: डबल मर्डर-रेप केस में बड़ा खुलासा, बाल और फिंगरप्रिंट से खुला राज

SHIDDHANT
11 Oct 2026 8:39 PM IST
CG BREAKING: डबल मर्डर-रेप केस में बड़ा खुलासा, बाल और फिंगरप्रिंट से खुला राज
x
छग
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटी की हत्या और रेप के मामले में फॉरेंसिक और डिजिटल सबूत अहम साबित हुए हैं। कोर्ट में पेश चार्जशीट के मुताबिक, घटनास्थल से मिले बाल, सीढ़ियों की रेलिंग पर मौजूद फिंगरप्रिंट और कपड़ों पर मिले खून के धब्बों ने जांच को महत्वपूर्ण आधार दिया। मामले में प्रत्यक्ष गवाही के अभाव में पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड के जरिए आरोपियों की भूमिका को साबित करने का प्रयास किया। मुख्य आरोपी कुलदीप साहू ने अदालत में खुद को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया था। हालांकि, कोर्ट ने उसकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने माना कि कुलदीप की ओर से खुद को बचाने के लिए दिए गए तर्क विश्वसनीय नहीं हैं।
किचन में मिले बाल, रेलिंग पर फिंगरप्रिंट
कोर्ट में पेश चार्जशीट के अनुसार, जांच के दौरान घटनास्थल के किचन से इंसानी बाल बरामद किए गए थे। इन बालों को डीएनए जांच के लिए भेजा गया। जांच में नमूनों का आरोपियों से मिलान होने की बात सामने आई।इसके अलावा मृतका के कपड़ों और घटनास्थल से मिले जैविक नमूनों की डीएनए प्रोफाइलिंग भी कराई गई। इन वैज्ञानिक साक्ष्यों ने अभियोजन पक्ष को महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया। पुलिसकर्मी के घर की सीढ़ियों की रेलिंग पर मिले फिंगरप्रिंट की भी विशेषज्ञों से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, रेलिंग पर मौजूद निशान मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के फिंगरप्रिंट से मेल खाते पाए गए।
कुलदीप ने लगाया झूठे केस में फंसाने का आरोप
अदालत में कुलदीप साहू ने दावा किया कि घटना वाले दिन उसे हिरासत में रखा गया था। इस दौरान उसके खून, स्पर्म, उंगलियों और हथेली के निशान तथा बालों के नमूने लिए गए थे। उसने आरोप लगाया कि इन्हीं नमूनों का इस्तेमाल कर उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की गई। हालांकि, अदालत ने उसकी इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर उसके तर्कों को खारिज कर दिया।
जिलाबदर होने के बावजूद शहर में था आरोपी
चार्जशीट के मुताबिक, मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिलाबदर किया गया था। इसके बावजूद वह शहर में घूम रहा था। वारदात वाली रात उसने चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर खौलता तेल फेंका था। आरोप है कि भागने के दौरान उसने फायरिंग भी की थी। इसके बाद पुलिसकर्मी से पुरानी रंजिश के चलते वह अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और मां-बेटी की हत्या तथा रेप की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच में कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी जुटाए। इन साक्ष्यों के साथ डीएनए रिपोर्ट और फिंगरप्रिंट का मिलान मामले की महत्वपूर्ण कड़ियां बनीं। अदालत ने उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका पर विचार किया।
Next Story