छत्तीसगढ़
CG BREAKING: लाखों की किराना चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
19 May 2026 10:56 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। शहर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित एक किराना दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो वाहन जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार मधुबन टोली निवासी विक्रम ताम्रकार ने 10 मई को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी “विक्रम किराना दुकान” में चोरी हुई है। 8 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह ड्राइवर ने फोन कर शटर टूटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि दुकान से रिफाइन तेल के डिब्बे, चावल की बोरियां, तेल के कार्टून सहित बड़ी मात्रा में किराना सामान चोरी किया गया है, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई।
मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर टीम और स्थानीय मुखबिरों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला चौक क्षेत्र के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके आधार पर विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की और बताया कि उन्होंने नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी का सामान ऑटो वाहन में भरकर झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के ग्राम सकतारा ले जाया गया, जहां उसे अमृत लाल केरकेट्टा नामक दुकानदार को बेच दिया गया। पुलिस टीम ने झारखंड में दबिश देकर चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को भी गिरफ्तार किया। वहीं फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा से पकड़कर जशपुर लाया गया।
बरामद सामान में 58 डिब्बे 13 लीटर रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट सहित अन्य किराना सामग्री शामिल है। इसके अलावा चोरी की बिक्री से प्राप्त नकदी और ऑटो वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tagsजशपुर चोरीकिराना दुकान चोरी6 आरोपी गिरफ्तारसीसीटीवी जांचझारखंड कनेक्शनअमृत लाल केरकेट्टाजशपुर पुलिस कार्रवाईरिफाइन तेल चोरीऑटो वाहन जब्तबीएनएस केसJashpur Theft | Grocery Store Burglary | 6 Accused Arrested | CCTV Investigation | Jharkhand Connection | Amrit Lal Kerketta | Jashpur Police Action | Refined Oil Theft | Auto-rickshaw Seized | BNS Case
Next Story





