छत्तीसगढ़

CG BREAKING: अचानक थाना पहुंचे DGP साहब, पुलिसिंग व्यवस्था का लिया जायजा

Shantanu Roy
12 April 2025 12:13 AM IST
CG BREAKING: अचानक थाना पहुंचे DGP साहब, पुलिसिंग व्यवस्था का लिया जायजा
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने शुक्रवार को भिलाई नगर थाना का अकस्मात निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने का विस्तृत भ्रमण कर तैनात पुलिस अधिकारियों और स्टाफ से सीधा संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के समय उनके साथ दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा करते हुए डीजीपी अरुण देव गौतम ने बताया कि यह दौरा पूर्व निर्धारित नहीं था। इसका उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग की
कार्यप्रणाली
को प्रत्यक्ष रूप से समझना और उसे और अधिक जनहितकारी और प्रभावी बनाना था। उन्होंने थाना प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को निर्देश दिए कि वे जनसंपर्क को प्राथमिकता दें, आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करें और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें।

मासूम बच्ची से अनाचार और हत्या पर जताया गहरा दुख
डीजीपी गौतम ने हाल ही में सामने आए 6 वर्षीय मासूम बच्ची से अनाचार और हत्या की घटना को दर्दनाक और समाज को झकझोर देने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में पुलिस पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य कर रही है, ताकि पीड़िता के परिजनों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मामले का निपटारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी को लेकर डीजीपी ने गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस अभियान में सामाजिक भागीदारी भी बेहद जरूरी है। डीजीपी ने समाज से अपील की कि वे नशा मुक्ति के अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और बच्चों को इस बुराई से दूर रखने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशे के जाल को तोड़ा जा सकता है और सुरक्षित, स्वस्थ समाज की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। इस दौरान पुलिस महानिदेशक ने थाने की व्यवस्थाओं और शिकायत निवारण प्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। उनके दौरे को पुलिस महकमे में सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
Next Story