छत्तीसगढ़
CG BREAKING: करोड़ों के गांजे के साथ 7 पकड़े गए, 3 नाबालिग भी शामिल
Shantanu Roy
5 Nov 2026 6:10 PM IST

x
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
Jagdalpur. जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ने का दावा किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 476 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन, पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बोधघाट थाना पुलिस को 5 नवंबर 2026 की सुबह मुखबिर से गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। मुखबिर ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG 17 KL 0411 में ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा रखा गया है, जिसे बिक्री के उद्देश्य से दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व बोधघाट थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान ने किया।
पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक लाल रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन भी आ रहा था। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार आगे चलकर पिकअप वाहन की पायलटिंग कर रहे थे, ताकि रास्ते में पुलिस की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ की। इस दौरान संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पिकअप के डाले में रखी 15 सफेद बोरियों से गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गांजे को बंडलों में पैक किया था, ताकि परिवहन के दौरान किसी को संदेह न हो। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 476.500 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन संदिग्ध कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार वयस्क आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है।
1. भगवान पांगी, पिता हरि पांगी, उम्र 25 वर्ष।
2. घासी खिलो, पिता सुंदरो खिलो, उम्र 21 वर्ष।
3. चित्रसेन गल्लोरी, पिता कमलू गल्लोरी, उम्र 22 वर्ष।
4. रोहणी गल्लोरी, पिता लछु गल्लोरी, उम्र 27 वर्ष।
चारों आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोंटामाड़ी के निवासी बताए गए हैं। इनके साथ पकड़े गए तीन विधि से संघर्षरत बालक भी इसी क्षेत्र के निवासी हैं।
कार्रवाई में जब्त सामग्री
- अवैध गांजा 476.500 किलोग्राम, अनुमानित कीमत ₹2,38,25,000।
- पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KL 0411।
- मोटरसाइकिल क्रमांक OD 30 B 6256।
- छह इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹60,000।
- नकद राशि ₹1,500।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में प्रस्तुत किया गया है। तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय कानून के अनुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी सहित प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर, मयाराम कश्यप और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। विशेष रूप से यह जांच की जा रही है कि ओडिशा में गांजे की खेप किसने उपलब्ध कराई थी और उत्तर प्रदेश में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
Next Story





