छत्तीसगढ़

CG BREAKING: युवक के 9 टुकड़ों में कटे शव के मामलें में 3 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 March 2025 11:22 PM IST
CG BREAKING: युवक के 9 टुकड़ों में कटे शव के मामलें में 3 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले 28 वर्षीय युवक के 9 टुकड़ों में कटे शव के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने जंगली सुअरों से फसल को बचाने के लिए खेत में जीआई तार बिछाकर 11,000 वोल्ट का करंट प्रवाहित किया था। इसकी चपेट में आकर युवक की मौत हो गई तो आरोपियों ने उसके शव को 9 टुकड़ों में काटा और दूर ले जाकर फेंक दिया था। जानकारी के मुताबिक, ग्राम भवानीपुर निवासी कमिलसाय मुंडा (28) का शव 27 फरवरी 2022 को कोंरधा चौकी क्षेत्र के कंचनटोली-कर्राडार मार्ग के पास सड़क किनारे टुकड़ों में मिला था। शव को जलाने के भी निशान पाए गए थे।कमिलसाय 25 फरवरी को अपने ससुराल, ग्राम लरिमा जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। पुलिस ने मामले में धार 302, 201 का अपराध दर्ज किया था।
कमिलसाय मुंडा का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी और मामला फाइलों में दब गया। तीन साल तक यह मामला अनसुलझा रहा, लेकिन बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने पुराने अनसुलझे मामलों में नई तकनीक का उपयोग करते हुए फिर से जांच के निर्देश दिए तो कमिलसाय मुंडा हत्याकांड की फाइल खोली गई। मामले की नए सिरे से जांच में पता चला कि भवानीपुर के तीन युवक इस हत्याकांड में शामिल हैं। पुलिस ने संदेही फुलेश्वर राम, नंदलाल और राहुल उर्फ दीपकचंद को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे तीनों दोस्त हैं। तीन साल पहले 2022 में जनवरी-फरवरी माह में फुलेश्वर राम ने ग्राम भवानीपुर और लरिमा के बीच खेत में मटर की फसल लगाई थी। मटर के खेत में जंगली सुअर आकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे।
तीनों दोस्तों ने फसल को जंगली सुअरों से बचाने के लिए 25 फरवरी की रात खेत के चारों ओर जीआई तार बिछाकर उसे 11,000 वोल्ट बिजली से जोड़ दिया। आरोपियों ने बताया कि रात करीब 10-11 बजे बिजली तार की चपेट में आकर कमिलसाय की मौत हो गई। उसके कपड़ों में आग लग गई थी। आरोपियों ने बताया कि जब कमिलसाय के शव और कपड़े में लगी आग बुझी तो आरोपियों ने 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन से हुक को निकाला। डरकर तीनों ने मिलकर कमिलसाय की लाश को कुछ दूर खेत के पैरावट में छिपा दिया। अगली रात फुलेश्वर राम और नंदलाल ने लोहे का गड़ासे और टांगी से शव के 9 टुकड़े किए और शव को छुपाने के लिए प्लास्टिक बोरे में डाल ऑटो में लोडकर कर्राडाड के खैरिडांड के पास सड़क किनारे फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों फुलेश्वर राम, नंदलाल और राहुल उर्फ दीपकचंद को आज 1 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया। कोरंधा थाना प्रभारी विरासत कुजूर ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Next Story