छत्तीसगढ़

CG BIG NEWS: शराब घोटाले में ED का बड़ा खुलासा, राजीव भवन तक ₹880 करोड़ पहुंचाने का दावा

SHIDDHANT
12 Oct 2026 9:10 PM IST
CG BIG NEWS: शराब घोटाले में ED का बड़ा खुलासा, राजीव भवन तक ₹880 करोड़ पहुंचाने का दावा
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है। ED का दावा है कि शराब सिंडिकेट से प्राप्त लगभग 860 से 880 करोड़ रुपये की नकदी रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन तक पहुंचाई गई थी। एजेंसी ने रामगोपाल अग्रवाल से संबंधित 9.06 करोड़ रुपये मूल्य की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है।
9 अक्टूबर को कोर्ट में दाखिल की शिकायत
ED के रायपुर जोनल कार्यालय ने 9 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की। इससे एक दिन पहले, 8 अक्टूबर को रायपुर स्थित दो अचल संपत्तियों के लिए अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया गया था। रामगोपाल अग्रवाल को ED ने 11 अगस्त को गिरफ्तार किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे न्यायिक हिरासत में हैं।
2019 से 2023 के बीच ₹2,883 करोड़ से अधिक की कथित अवैध कमाई
ED की जांच EOW/ACB रायपुर द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। इसमें अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, अरुण पति त्रिपाठी, कवासी लखमा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2023 के दौरान एक शराब सिंडिकेट ने आबकारी विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड की व्यवस्था का दुरुपयोग कर अवैध कमाई की। ED के अनुसार, देशी शराब की आपूर्ति, नकली होलोग्राम के जरिए बिना हिसाब-किताब वाली शराब की बिक्री, डिस्टिलर्स से कमीशन और विदेशी शराब के लाइसेंस सिस्टम के माध्यम से 2,883 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अपराधजनित आय अर्जित की गई।
राजीव भवन तक नकदी पहुंचाने का दावा
जांच एजेंसी का दावा है कि सिंडिकेट से प्राप्त नकदी का बड़ा हिस्सा लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल संभालता था। आरोप है कि रामगोपाल अग्रवाल के निर्देश पर यह रकम रायपुर के शंकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचाई जाती थी। ED के मुताबिक, नकदी राजीव भवन में रामगोपाल अग्रवाल के अधीन कार्यरत अकाउंटेंट देवेंद्र दादसेना को सौंपी जाती थी। एजेंसी का दावा है कि इस माध्यम से लगभग 860 से 880 करोड़ रुपये पहुंचाए गए। इनमें करीब 72 करोड़ रुपये रामगोपाल अग्रवाल के नियंत्रण में रहने और उनके निर्देश पर इस्तेमाल या वितरित किए जाने का आरोप है।
अनुपम नगर और कटोरा तालाब के दो फ्लैट अटैच
ED ने रायपुर के अनुपम नगर और कटोरा तालाब स्थित दो फ्लैट अस्थायी रूप से अटैच किए हैं। इन संपत्तियों का कुल मूल्य 9.06 करोड़ रुपये बताया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज बयानों को जांच में आधार बनाया गया है।
कुल अटैच संपत्तियों का मूल्य ₹610.34 करोड़ पहुंचा
ED के मुताबिक, इससे पहले मामले में एक मुख्य और छह पूरक अभियोजन शिकायतें दाखिल की जा चुकी थीं। साथ ही 601.28 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच, जब्त या फ्रीज की गई थी। नई कार्रवाई के बाद यह आंकड़ा लगभग 610.34 करोड़ रुपये हो गया है। एजेंसी ने बताया है कि मामले में अन्य संभावित लाभार्थियों की पहचान के लिए जांच जारी है। हालांकि, ये सभी आरोप ED की जांच और अभियोजन शिकायत पर आधारित हैं। आरोपियों के खिलाफ अंतिम निष्कर्ष न्यायालय की सुनवाई के बाद ही तय होगा।
Next Story