
x
छग
Kabirdham. कबीरधाम। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने शहर में चल रहे विभिन्न शैक्षणिक और ज्ञान-विज्ञान से जुड़े निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी, मेडिकल कॉलेज भवन, नए सत्र से शुरू होने वाले मेडिकल कॉलेज परिसर और ऊर्जा पार्क में बनाए जा रहे साइंस पार्क का अवलोकन किया। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, डिजाइन और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि जिले के लोगों को इनका लाभ जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विज्ञान से जुड़े ये प्रोजेक्ट जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और कार्यों की गति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम चेतन साहू, तहसीलदार परमेश्वर मंडावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मंदिर चोरी मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वहीं, कबीरधाम पुलिस ने मंदिर चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना पंडरिया पुलिस ने राम जानकी मंदिर रौहा पंडरिया से चोरी के मामले में आरोपी शेरा उर्फ कैलाश चंद्रवंशी (25 वर्ष), निवासी कंझेटा थाना पांडातराई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राम जानकी मंदिर रौहा पंडरिया से चांदी और कांसे की सामग्री चोरी होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 156/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305A के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देश में विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसे कवर्धा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सामग्री बरामद की। इसमें 2 कांसे की थाली, 1 कांसे की घंटी, 1 प्लेट, 2 कांसे की कटोरी, 1 कांसे का दिया, घटना के समय पहने कपड़े और गमछा सहित 2200 रुपये नगद शामिल हैं।
हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कवर्धा के रेवाबंध तालाब के पास स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसने मुकुट को टुकड़ों में तोड़कर राह चलते लोगों को बेच दिया था। इस मामले की जानकारी थाना सिटी कोतवाली कवर्धा को भेजी गई है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना पंडरिया पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक अजय सिंह और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





