छत्तीसगढ़
CG: जंगल में जुआ खेलते 6 लोग पकड़ाए, 3.22 लाख की संपत्ति जब्त
Shantanu Roy
26 Oct 2026 3:38 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में जुआ खेल रहे 6 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा है। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में साइबर थाना, पुलिस लाइन और धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान जुआ फड़ से 22,180 रुपए नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल सहित कुल 3 लाख 22 हजार 180 रुपए की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जंगल में छिपकर खेल रहे थे जुआ
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़ क्षेत्र के दर्रीडीह और खलबोरा के बीच स्थित जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में साइबर थाना, पुलिस लाइन रायगढ़ और धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में सूचना की पुष्टि की और जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने इन 6 आरोपियों को पकड़ा
पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित केरकेट्टा (30 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़, स्वरूप टोप्पो (22 वर्ष), निवासी कांसाबेल, जोगेंद्र एक्का (40 वर्ष), निवासी दर्रीडीह, वृंदावन गुप्ता (35 वर्ष), निवासी दर्रीडीह, सुरेश सारथी (36 वर्ष), निवासी शाहपुर और नारायण बाईन (50 वर्ष), निवासी बेहरापारा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। मौके पर सभी को 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते पाया गया।
नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 22,180 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा सात मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जब्त मोटरसाइकिलों में CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427, CG 13 AR 5149 और एक बिना नंबर की डिस्कवर मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने जब्त नकदी, मोबाइल फोन और वाहनों की कुल कीमत लगभग 3 लाख 22 हजार 180 रुपए आंकी है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
धरमजयगढ़ पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) में अपराध दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों का कहना है कि जुआ-सट्टा के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू सहित साइबर थाना, पुलिस लाइन और धरमजयगढ़ पुलिस के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल में घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।
Next Story





