
बलरामपुर। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर ग्राम पंचायत विजयनगर, जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर के पंचायत सचिव सिद्धार्थ शंकर हालदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर को चेकपोस्ट रामानुजगंज निरीक्षण के समय पंचायत सचिव निर्धारित ड्यूटी समय सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक मौके पर उपस्थित नहीं थे। इसे कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 का उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में सिद्धार्थ शंकर हालदार का मुख्यालय जनपद पंचायत बलरामपुर तय किया गया है।
कोटगगहना स्थित मित्तल राइस मिल सील
धान उठाव के बावजूद चावल जमा नहीं करने पर जिला प्रशासन बलरामपुर ने सख्त कार्रवाई करते हुए विकासखंड राजपुर के ग्राम कोटगगहना स्थित मित्तल राइस मिल को सील कर दिया है। खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कस्टम मिलिंग आदेश के उल्लंघन के मामले में यह कार्रवाई की है।
गुरुवार को अपर कलेक्टर और एसडीएम राजपुर की मौजूदगी में टीम ने राइस मिल का निरीक्षण किया। मौके पर मिल का मुख्य गेट बंद मिला और परिसर में कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। मिल संचालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। खाद्य विभाग के अनुसार विपणन वर्ष 2024-25 में मित्तल राइस मिल ने 3320 क्विंटल धान का उठाव किया था। इसके एवज में 2246.64 क्विंटल चावल जमा किया जाना था, लेकिन निरीक्षण की तिथि तक एक भी क्विंटल चावल जमा नहीं किया गया। प्रशासन ने इसे कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के गंभीर उल्लंघन मानते हुए राइस मिल को सील कर दिया है।





