छत्तीसगढ़

CEO हेमंत नंदनवार ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

Shantanu Roy
20 Jan 2026 9:42 PM IST
CEO हेमंत नंदनवार ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। महासमुंद जिले में 20 जनवरी 2026 को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जन चौपाल में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने जिले के आमजनों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उन्हें नियमानुसार तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आज आयोजित जन चौपाल में कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आमजन की विभिन्न समस्याएं शामिल थीं। जन चौपाल में महासमुंद निवासी जागृति साहू ने उज्जवला गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया। ग्राम मुड़ागांव निवासी लाखेश्वर साहू ने अपनी बीमारी के उपचार हेतु स्वास्थ्य सहायता राशि दिलाने की मांग की। ग्राम कोलपदर निवासी पंचराम ने आरबीसी 6-4 के तहत क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने के लिए आवेदन किया।
इसी प्रकार, ग्राम गढ़फुलझर बसना निवासी रेशम विशाल ने वेतन भुगतान और पीएफ राशि के लिए आवेदन किया। ग्राम सिनोधा निवासी छबीलाल ने भूमिहीन कृषि मजदूर योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम अरंड निवासी दिलीप कुमार चंद्राकर ने कृषक सम्मान निधि की राशि दिलाने की समस्या उठाई। ग्राम चरोदा निवासी दीपक साहू ने बैटरी चलित ट्राइसाइकिल दिलाने हेतु आवेदन किया और ग्राम तोषगांव निवासी पुष्पा बाई ने आधार कार्ड बनवाने की समस्या के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
जन चौपाल में सीईओ हेमंत नंदनवार ने सभी आवेदन प्राप्तकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके मामले समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निराकरण तुरंत किया जाए और किसी भी प्रकार की अनदेखी न हो। जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि जन चौपाल की यह पहल आमजन और प्रशासन के बीच संवाद बढ़ाने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की गई है। इसके माध्यम से नागरिक सीधे अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं और उन्हें तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है। इस तरह की पहल से न केवल आमजन की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि शासन की पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।
Next Story