
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी में वाहन चोरी और सूने मकान में चोरी के दो मामलों का एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, घड़ी और चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत करीब 4 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में चोरी और वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। पहली घटना 28 अगस्त 2026 की है। ग्रींडले विहार के पास दुबे कॉलोनी मोवा निवासी दीपक पटेल के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। वहां से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और लैपटॉप चोरी कर लिया गया। शिकायत पर पंडरी थाने में अपराध क्रमांक 262/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई थी बाइक
इसी दिन योगेश निषाद की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LP 5326 दुबे कॉलोनी मोवा स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से चोरी हो गई थी। इस मामले में भी पंडरी थाने में अपराध क्रमांक 263/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई।
पहले बाइक चुराई फिर मकान को बनाया निशाना
जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। उनकी पहचान सदर अली और अब्दुल मन्नान उर्फ अमन खान के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों की तलाश कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल चोरी करने और फिर उसी चोरी की बाइक से दीपक पटेल के मकान तक पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, घड़ी और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में चोरी और वाहन चोरी के अपराध दर्ज हैं। दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
Next Story





