छापेमारी में बाधा बने कांग्रेसियों के खिलाफ FIR दर्ज करा सकती है CBI

भिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर और भिलाई निवास में चल रही CBI जांच खत्म हो गई हैं। बुधवार शाम जांच के बाद वापस लौट रही एजेंसी की गाड़ियों को प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान अधिकारियों ने इसका वीडियो बनाया, जिससे प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज हो सकती है। वहीं, CBI की कार्रवाई के विरोध में आज कांग्रेस पूरे प्रदेशभर में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि बुधवार को CBI की कार्रवाई के दौरान कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें भूपेश बघेल के बंगले से जांच टीम बैग लेते निकल रही थी। तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भी रोकने का प्रयास किया।
जिला स्तर पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। बता दें कि ED के बाद अब CBI ने महादेव सट्टा एप मामले में बुधवार को भूपेश बघेल समेत उनके करीबियों के ठिकानों पर दबिश दी थी। कांग्रेस ने इसे द्वेषपूर्ण कार्रवाई करार देते हुए 27 मार्च को राज्यभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।





