छत्तीसगढ़

पिकअप में ठूंसकर बूचड़खाना ले जा रहे थे मवेशी, 5 तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Sept 2026 10:30 PM IST
पिकअप में ठूंसकर बूचड़खाना ले जा रहे थे मवेशी, 5 तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Surguja. सरगुजा। लखनपुर थाना पुलिस ने मवेशियों की कथित तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आठ भैंसों को दो पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाना ले जाने की तैयारी में थे। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहन और आठ मवेशियों समेत करीब 12 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया है। बरामद आठ मवेशियों में से दो मृत पाए गए, जबकि छह जीवित मिले हैं। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को लखनपुर थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि
ग्राम चैनपुर
स्थित काजूबाड़ी के पास कुछ लोग दो पिकअप वाहनों में भैंसों को जबरदस्ती भर रहे हैं। सूचना में इन मवेशियों को कथित तौर पर बूचड़खाना ले जाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी की।

दोनों पिकअप में मिले चार-चार मवेशी
पुलिस ने मौके पर पिकअप क्रमांक UP 25 KT 0155 की जांच की। वाहन में चार भैंसों को लोड किया हुआ पाया गया। इसी तरह दूसरे पिकअप क्रमांक UP 25 JT 4974 की तलाशी लेने पर उसमें भी चार मवेशी मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक रखा गया था। इसके बाद वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ की गई और मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए। आरोपी पुलिस के सामने मवेशियों के परिवहन से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने पहले पिकअप से सूरज सारथी उम्र 32 वर्ष निवासी चैनपुर टिकरापारा और नितिश राणा उम्र 25 वर्ष निवासी बरेली उत्तर प्रदेश को पकड़ा। दूसरे पिकअप से जमीन उर्फ जमीर अंसारी उम्र 42 वर्ष, मो. आयुब उम्र 45 वर्ष और मो. जुनैद उम्र 18 वर्ष 6 माह को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दो मवेशी मिले मृत
कार्रवाई के दौरान दोनों पिकअप से कुल आठ मवेशी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इनमें दो भैंस मृत अवस्था में मिलीं, जबकि छह जीवित थीं। मृत मिले दोनों मवेशियों का खंड पशु चिकित्सक लखनपुर से पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं जीवित छह मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों और मवेशियों को जब्त किया है। पूरे जब्त मशरुके की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
लखनपुर थाने में अपराध क्रमांक 234/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उपनिरीक्षक मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, पीतांबर सिंह सहित लखनपुर थाना टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Next Story