छत्तीसगढ़
रायपुर में शादी समारोह से नगदी, मोबाइल व गिफ्ट चोरी, 2 चोर गिरफ्तार
Shantanu Roy
11 Nov 2025 8:07 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। पुलिस ने एक बार फिर तत्परता और सटीक जांच का परिचय देते हुए शादी समारोह में हुई चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है। थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के ओशो भवन मैरिज गार्डन में आयोजित एक वैवाहिक समारोह से नगदी, मोबाइल फोन और गिफ्ट चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 के बराबर चोरी का माल बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
घटना 6 नवंबर 2025 की है, जब प्रार्थी नितेश राजपूत अपने साले पुष्पेंद्र गंजीर के विवाह समारोह में शामिल होने मिनीमाता चौक स्थित ओशो भवन मैरिज गार्डन पहुंचा था। समारोह के दौरान उसकी पत्नी ने अपने पर्स में नगदी रकम, मोबाइल फोन और विवाह समारोह में मिले गिफ्ट लिफाफे रखकर कुर्सी पर रखे थे। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने मौका पाकर पर्स चोरी कर लिया। अगले दिन प्रार्थी ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 477/25 धारा 305(ए), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और वारदात के तरीके के आधार पर पुलिस ने पुराने चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान एक संदिग्ध का नाम सामने आया — नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला मानिकपुरी, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने साथी किशन साहू के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पर्स, उसमें रखे ₹14,600 नगद, चांदी की मूर्ति, चांदी की बिछिया, मोबाइल फोन और अन्य सामान कुल मिलाकर लगभग ₹60,000 मूल्य का माल बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला मानिकपुरी, पिता सतीश मानिकपुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी नर्मदापारा, राधाकृष्ण मंदिर के पीछे, थाना गंज रायपुर।
किशन साहू, पिता स्व. दशरथ साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी चूना भट्ठी, काली माता मंदिर के पास, थाना गंज रायपुर।
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, नवीन मानिकपुरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में जेल निरूद्ध रह चुका है।
जांच टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर (थाना प्रभारी गुढ़ियारी), एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडे, उपनिरीक्षक सतीश कुमार पुरिया, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, आर. संदीप सिंह, अविनाश देवांगन, बीरेन्द्र बहादुर सिंह, थाना गुढ़ियारी से प्र.आर. प्रदीप कुर्रे, आर. रविशंकर तिवारी एवं किशोर राजपूत की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाह समारोह, सार्वजनिक कार्यक्रमों या भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अपने कीमती सामान और नकदी को बिना निगरानी के न छोड़ें। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का माल बरामद हुआ है, बल्कि शहर में बढ़ते समारोह चोरी गिरोहों पर भी लगाम लगाने का संदेश गया है। इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि एण्टी क्राइम और साइबर यूनिट की सतर्कता अपराधियों के लिए लगातार खतरे की घंटी बनी हुई है।
Tagsरायपुर पुलिसगुढ़ियारी थानाएण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिटशादी समारोह चोरीनवीन मानिकपुरीकिशन साहूमोबाइल चोरीपर्स चोरीनकदी बरामदगीओशो भवन मैरिज गार्डनरायपुर क्राइमपुलिस कार्रवाईRaipur PoliceGudhiyari Police StationAnti Crime and Cyber Unitwedding ceremony theftNaveen ManikpuriKishan Sahumobile theftpurse theftcash recoveryOsho Bhawan Marriage GardenRaipur Crimepolice action
Next Story





