छत्तीसगढ़
घरघोड़ा में मासूम से छेड़छाड़ का मामला, प्राथमिक शाला का शिक्षक गिरफ्तार
Shantanu Roy
16 Nov 2026 6:07 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक पर मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। करीब छह वर्षीय बच्ची की दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार भट्ट (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, निवासी ग्राम ठूसेकेला, थाना खरसिया, वर्तमान निवास घरघोड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
स्कूल जाने से मना करने पर हुआ घटना का खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को एक स्थानीय महिला ने घरघोड़ा थाने में अपनी नातिन के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि जब उसने बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने स्कूल जाने से इनकार कर दिया। बच्ची के इस व्यवहार पर महिला ने उससे स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा। इसके बाद बच्ची ने अपनी दादी को 12 नवंबर को स्कूल में हुई घटना की जानकारी दी। बच्ची के अनुसार, दोपहर के समय स्कूल में पदस्थ शिक्षक अजय कुमार उसे और उसकी कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। आरोप है कि शिक्षक ने वहां बच्ची के सामने अश्लील हरकत की।
दादी ने डायल 112 को दी सूचना
बच्ची की आपबीती सुनने के बाद उसकी दादी ने मामले की जानकारी गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। टीम ने महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना घरघोड़ा पहुंचाया। यहां महिला ने अपनी नातिन के साथ हुई घटना के संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत में शिक्षक द्वारा बच्ची को दूसरे कमरे में ले जाने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज
महिला के लिखित आवेदन के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी शिक्षक अजय कुमार भट्ट के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की धारा 8 एवं 12 के तहत कार्रवाई की है। अपराध पंजीबद्ध करने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को तत्काल हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की। इस संवेदनशील मामले में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही पुलिस
घरघोड़ा पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से विवेचना की जा रही है। बच्ची की दादी की शिकायत और बच्ची द्वारा बताई गई घटना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। फिलहाल आरोपी शिक्षक न्यायिक रिमांड पर है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक के खिलाफ दर्ज इस मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।
Next Story





