छत्तीसगढ़

ट्रैक्टर बिक्री राशि गबन मामला, पूर्व शो-रूम मैनेजर गिरफ्तार

Shantanu Roy
19 Aug 2026 5:33 PM IST
ट्रैक्टर बिक्री राशि गबन मामला, पूर्व शो-रूम मैनेजर गिरफ्तार
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की बिक्री से प्राप्त लाखों रुपये की राशि गबन करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शो-रूम के पूर्व मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर फर्म की करीब 14.61 लाख रुपये की राशि हड़पने का आरोप है। मामला शहर के अरुण एग्रीकल्चर शो-रूम से जुड़ा हुआ है, जो भाजपा कार्यालय के सामने स्थित है। पुलिस के अनुसार, शो-रूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमुद उपाध्याय निवासी इंदिरा नगर वृंदावन कॉलोनी राजनांदगांव के खिलाफ फर्म की राशि गबन करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
सिटी कोतवाली थाने में 17 अगस्त को दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की बिक्री की। बिक्री से प्राप्त कुल 14 लाख 61 हजार 393 रुपये की राशि उसे फर्म में जमा करनी थी, लेकिन आरोपी ने उक्त रकम जमा नहीं कराई। मामले की जानकारी मिलने के बाद फर्म प्रबंधन ने विभागीय स्तर पर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी कुमुद उपाध्याय ने राशि के गबन की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने 3 लाख 3 हजार 500 रुपये की राशि वापस जमा कराई, लेकिन शेष 11 लाख 7 हजार 893 रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
इसके बाद फर्म संचालक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4), 336(3) और 344(1) के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खाता-बही सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस ने बताया कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी कुमुद उपाध्याय को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आर्थिक अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसानों और ग्राहकों से जुड़ी राशि में किसी भी तरह की अनियमितता को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच भी कर रही है, ताकि गबन से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की बिक्री से जुड़े इस मामले ने व्यापारिक संस्थानों में वित्तीय पारदर्शिता और कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story