
x
छग
Raipur रायपुर। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर पर पुलिस ने रेड की कार्रवाई की है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान स्पा सेंटर से आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। वहां काम करने वाली युवतियों से पूछताछ के बाद स्पा संचालक और मैनेजर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को मध्य क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीपी स्नेहिल साहू, सिविल लाइन थाना और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में दबिश दी। टीम ने स्पा सेंटर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की।
पुलिस का कहना है कि चेकिंग के दौरान सेंटर में कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और स्पा में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने दावा किया है कि स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा द्वारा कथित तौर पर दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाया जाता था और उनसे देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान स्पा में काम करने वाली युवतियों ने भी संचालक और मैनेजर पर जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगाया है।
इन आरोपों के आधार पर देवेंद्र नगर थाने में स्पा संचालक और मैनेजर के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दूसरे राज्यों से युवतियों को किस माध्यम से बुलाया गया, स्पा सेंटर में यह कथित गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं, जैसे सवालों की पड़ताल आगे की विवेचना में हो सकती है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई में सामने आए आरोपों की कानूनी जांच जारी है। मामले में अंतिम तथ्य जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होंगे।
Next Story





