छत्तीसगढ़

संविधान की प्रति लेकर घूमने से नहीं होता सम्मान: शताब्दी पाण्डेय

Shantanu Roy
24 Nov 2026 9:21 PM IST
संविधान की प्रति लेकर घूमने से नहीं होता सम्मान: शताब्दी पाण्डेय
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केवल संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर घूमने से कोई व्यक्ति संविधान के प्रति समर्पित नहीं हो जाता। इसके लिए संविधान की मूल भावना को समझना और उसके अनुरूप आचरण करना आवश्यक है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस लगातार संविधान की दुहाई देती है, लेकिन उसके राजनीतिक आचरण में विरोधाभास दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है। भाजपा जब भी संवैधानिक गतिविधियों में भाग लेती है, तब कांग्रेस की ओर से सवाल खड़े किए जाते हैं। शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस स्वयं को संविधान का सम्मान करने वाली पार्टी बताती है, लेकिन उसका आचरण इसके विपरीत है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक पर निशाना साधते हुए संविधान और संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने राहुल गांधी के विदेशों में दिए जाने वाले बयानों पर भी सवाल उठाए। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल करते समय देश के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियों को संविधान की मूल भावना समझने की आवश्यकता है। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को संविधान के दायरे में रहते हुए भारत का सम्मान बनाए रखना चाहिए और लोकतंत्र को सर्वोपरि मानते हुए अपना आचरण करना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रवक्ता ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने राजस्थान के निकाय चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर कांग्रेस को जीत मिलती है, वहां पार्टी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल नहीं उठाती। वहीं, चुनाव में हार मिलने पर चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपना रुख बदलती है। शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का उपयोग करना और फिर उनकी कार्यप्रणाली का मखौल उड़ाना कांग्रेस के राजनीतिक व्यवहार का हिस्सा बन गया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे संवैधानिक मर्यादाओं का ध्यान रखें। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद देश और लोकतंत्र के सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इस दौरान संविधान के प्रति सम्मान और उसकी मूल भावना को महत्व देने का संदेश दिया जाएगा। शताब्दी पाण्डेय ने कांग्रेस के संविधान संबंधी दावों और राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान का सम्मान केवल बयानों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।
Next Story