छत्तीसगढ़

कुम्हारी में मौत बनकर दौड़ा कैप्सूल वाहन, दर्दनाक मौत

SHIDDHANT
18 Nov 2026 7:13 PM IST
कुम्हारी में मौत बनकर दौड़ा कैप्सूल वाहन, दर्दनाक मौत
x
रायपुर
कुम्हारी: थाना क्षेत्र के ग्राम कुगदा में आज सुबह एक सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे साइकिल पर सवार होकर रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में अपना इलाज कराने जा रहे बुजुर्ग को सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान समीपस्थ ग्राम नारधी निवासी बिशाल वर्मा पिता लक्ष्मीनाथ वर्मा (77 वर्ष) के रूप में हुई है। वे बुधवार सुबह साइकिल से नारधी से निकलकर कुगदा गांव के रास्ते रायपुर एम्स जा रहे थे। इसी दौरान गांव में धर्मेंद्र लहरी के घर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
संकरी सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे की खबर मिलते ही कुगदा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुम्हारी थाने का घेराव कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की संकरी सड़क से कैप्सूल और हाइवा जैसे भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही लगातार जारी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इन भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
थाने के घेराव की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। कुम्हारी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
Next Story