छत्तीसगढ़
कंटेनर में छिपाकर ले जा रहे थे 70 लाख का गांजा, पुलिस ने किया जब्त
Shantanu Roy
12 Sept 2026 9:32 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-53 पर कार्रवाई करते हुए कंटेनर वाहन से 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में कंटेनर चालक और परिचालक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे सहित वाहन और मोबाइल की कुल कीमत करीब 70 लाख 8 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह गांजे की खेप ओडिशा से गुजरात ले जाई जा रही थी। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, सप्लाई नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर एनएच-53 में घेराबंदी
जानकारी के अनुसार सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल क्षेत्र में निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार हरे-पीले रंग का कंटेनर वाहन क्रमांक CG06 AV 4815 वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम वसीम शाह (38 वर्ष) निवासी अमीरपुरा नडियाद, जिला खेड़ा (गुजरात) बताया। वहीं उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अय्यूब खान (56 वर्ष) निवासी बोरसद, जिला आनंद (गुजरात) बताया।
कंटेनर के डाले में छिपा था गांजा
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कंटेनर के पीछे डाले में प्लास्टिक की चार बोरियां मिलीं। जांच करने पर इन बोरियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का कुल वजन 120.060 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से लाकर गुजरात ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गांजे के स्रोत तथा अंतिम सप्लाई पॉइंट तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर वाहन भी जब्त किया है।
जब्त सामग्री में: 120.060 किलो गांजा – कीमत 60,03,000 रुपये
दो मोबाइल फोन – कीमत 5,500 रुपये
कंटेनर वाहन – कीमत 10,00,000 रुपये
कुल जब्त संपत्ति की कीमत 70,08,500 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध गांजा तस्करी के मामलों में सिर्फ वाहक ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक जांच की जा रही है। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिले से होकर गुजरने वाले मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
Next Story





