छत्तीसगढ़

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 2.20 करोड़ का गांजा, 2 तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Oct 2026 4:47 PM IST
मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 2.20 करोड़ का गांजा, 2 तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर 440.63 किलो गांजा बरामद किया है। तस्कर गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल करीब 20 लाख रुपए कीमत का मिनी ट्रक भी जब्त किया गया है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जब्ती की है।

जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी।

इसी दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 वहां पहुंचा। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। दोनों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने ट्रक में रखे सामान के बारे में पूछा तो आरोपियों ने बताया कि वाहन में मिर्ची की बोरियां हैं, जिन्हें वे उड़ीसा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे हैं। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक में रखे सामान की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान ऊपर मिर्ची से भरी बोरियां रखी हुई मिलीं। पुलिस ने इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की तलाशी ली तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गांजा और तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक जब्त कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए और वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में गांजा तस्करी के 16 प्रकरणों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है, जिसकी कीमत लगभग 8 करोड़ रुपए बताई गई है। इन मामलों में 22 तस्करों को
गिरफ्तार
किया गया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही है।
Next Story